Moradabad Division में Railway Administration और NRMU के बीच 2 दिवसीय स्थाई वार्ता में कर्मचारी हितों पर मंथन




उमेश लव, लव इंडिया, मुरादाबाद। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल कार्यालय स्थित मनन सभागार में मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती विनीता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में नार्दन रेलवे मेंस यूनियन (एनआरएमयू) के साथ दो दिवसीय स्थाई वार्ता तंत्र का आयोजन संपन्न हुआ। 29 और 30 जुलाई को आयोजित इस बैठक में रेल विकास, प्रशासनिक व्यवस्था तथा कर्मचारियों के हितों और कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।


बैठक के दूसरे दिन मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने मुरादाबाद मंडल में चल रहे रेल विकास कार्यों तथा कर्मचारियों के हित में किए जा रहे विभिन्न प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रेलवे की कार्यप्रणाली को अधिक सुगम, प्रभावी और व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ कर्मचारियों के हितों का संरक्षण प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से नियमित रूप से स्थाई वार्ता तंत्र का आयोजन किया जाता है।
बैठक के दौरान नार्दन रेलवे मेंस यूनियन के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा। रेलवे प्रशासन ने इन मांगों पर नियमानुसार विचार कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।


बैठक का उद्देश्य रेलवे प्रशासन और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों का समाधान निकालना तथा रेल सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाना रहा। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) प्रेम शंकर झा, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक ठाकुर, मंडल के सभी विभागाध्यक्ष, एनआरएमयू के केंद्रीय उपाध्यक्ष एम.पी. चौबे, मंडल अध्यक्ष मनोज शर्मा, मंडल मंत्री राजेश चौबे सहित यूनियन के पदाधिकारी, शाखा अध्यक्ष और शाखा मंत्री उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!