BKU अराजनीतिक का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन: भ्रामक उर्वरक बिक्री और नकली दूध पर कार्रवाई हो

मुरादाबाद। भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने कथित रूप से भ्रामक तरीके से उर्वरक की बिक्री तथा जिले में नकली दूध के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई की मांग उठाई।

जिलाध्यक्ष चौधरी सतीश कुमार के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कुछ स्थानों पर अमोनियम सल्फेट उर्वरक को ‘भारत एनपीके’ के नाम से भ्रामक तरीके से बेचा जा रहा है, जिससे किसान भ्रमित हो सकते हैं। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई करने की मांग की।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि मुरादाबाद में कथित रूप से नकली दूध का कारोबार बढ़ रहा है, जिससे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। संगठन ने प्रशासन से अभियान चलाकर नकली दूध के निर्माण और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की।


भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) ने चेतावनी दी कि यदि किसानों और आम जनता से जुड़े इन मुद्दों पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष चौधरी सतीश कुमार, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी रंधावा सिंह, अकबर अली, बिल्केस, इंतजार, सूरज सिंह, जिला सचिव राजवीर सिंह, वीरेंद्र सिंह, चौधरी ऋषिपाल, संजीव सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

error: Content is protected !!