टिमिट के छात्रों ने रचा नया कीर्तिमान, 13.96 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर संभाली जिम्मेदारी

लव इंडिया, मुरादाबाद। तीर्थंकर महावीर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (टिमिट) के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शिक्षा कंपनी जारो एजुकेशन लिमिटेड में शानदार प्लेसमेंट हासिल किया है। चयनित छात्रों ने कंपनी में कार्यभार ग्रहण कर अपने करियर की नई शुरुआत कर दी है।


हाल ही में आयोजित ऑन-कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव के दौरान जारो एजुकेशन लिमिटेड ने एमबीए की कनिष्का रुहेला, बीबीए के सव्या गोयल और बी.कॉम के दिव्यांश पाराशर का चयन किया। चार चरणों वाली कठिन चयन प्रक्रिया में सफलता प्राप्त करने के बाद कनिष्का रुहेला को 13.96 लाख रुपये वार्षिक पैकेज, जबकि सव्या गोयल और दिव्यांश पाराशर को 9.56 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर मैनेजमेंट ट्रेनी/ग्रेजुएट ट्रेनी के रूप में नियुक्त किया गया।


चयन के बाद तीनों विद्यार्थियों ने कंपनी कार्यालय में प्रशिक्षण पूरा कर अपनी-अपनी जिम्मेदारियां संभाल ली हैं। इस उपलब्धि पर टिमिट परिवार में खुशी का माहौल है। टिमिट के डीन प्रो. विपिन जैन ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि वैश्विक स्तर की कंपनियों में कार्य करना प्रत्येक मैनेजमेंट छात्र का सपना होता है। विद्यार्थियों की यह सफलता साबित करती है कि टिमिट के छात्र कॉरपोरेट जगत की चुनौतियों का सामना करने के लिए पूरी तरह सक्षम हैं।


कॉरपोरेट रिसोर्स सेंटर के डायरेक्टर अरुण कुमार और डिप्टी डायरेक्टर आकाश भटनागर ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बदलते रोजगार परिदृश्य में निरंतर तैयारी, कौशल विकास और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद चयनित विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय संस्थान द्वारा प्रदान की गई गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया।

error: Content is protected !!