नवाचार और सतत विकास की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं TIMT के Student


लव इंडिया, मुरादाबाद। तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय, मुरादाबाद के फैकल्टी ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट के अंतर्गत टिमिट कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट में बीबीए प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा ‘‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट‘‘ प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।

इस प्रदर्शनी का उद्देश्य छात्रों में रचनात्मकता, पर्यावरण संरक्षण एवं संसाधनों के पुनः उपयोग के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना था। विद्यार्थियों ने पुराने और अनुपयोगी सामान को उपयोगी एवं आकर्षक वस्तुओं में बदलकर अपनी नवोन्मेषी सोच और कल्पनाशक्ति का परिचय दिया। यह पहल न केवल छात्रों की सृजनात्मक क्षमता को दर्शाती है, बल्कि सतत विकास एवं स्वच्छता अभियान की दिशा में भी एक प्रेरणादायी कदम है। कार्यक्रम का संचालन इवेंट कोऑर्डिनेटर के मार्गदर्शन में हुआ। प्रदर्शनी में छात्रों की उत्साहपूर्ण भागीदारी और उनके द्वारा प्रस्तुत किए गए मॉडलों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

इस अवसर पर टिमिट के डीन प्रो. विपिन जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘‘आज की इस प्रदर्शनी ने यह साबित कर दिया कि हमारी नई पीढ़ी में अपार रचनात्मकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मौजूद है। ‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’ जैसे प्रयास न केवल छात्रों को सीखने का एक मंच प्रदान करते हैं बल्कि उन्हें यह भी सिखाते हैं कि संसाधनों का सही उपयोग कर हम पर्यावरण की रक्षा कर सकते हैं।

कहा कि मुझे गर्व है कि हमारे छात्र नवाचार और सतत विकास की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं। ऐसे कार्यक्रम निश्चित रूप से उनके व्यक्तित्व विकास और भविष्य की सफलता में सहायक सिद्ध होंगे।‘‘ प्रदर्शनी का समापन छात्रों के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।

error: Content is protected !!