सर्च ऑपरेशन: कल्याणपुर ओवर ब्रिज से प्रेम प्रसंग में रामगंगा में कूदे युवक-युवती
मुरादाबाद। जनपद के कटघर थाना क्षेत्र में शनिवार को प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया। एक युवक और युवती ने कल्याणपुर ओवरब्रिज से रामगंगा नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कटघर थाना पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा दोनों की तलाश के लिए स्टीमर और गोताखोरों की टीम को नदी में उतारा गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों एक ही बाइक से कल्याणपुर ओवरब्रिज पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उन्होंने पुल पर बाइक रोकी और कुछ ही देर बाद रामगंगा नदी में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की जांच में युवक की पहचान तुषार (22 वर्ष), पुत्र प्रदीप गोस्वामी, निवासी सूरजनगर के रूप में हुई है। बताया गया कि तुषार बुद्ध बाजार में कपड़ों का काम करता है और उसके परिवार में एक भाई तथा दो बहनें हैं। युवती की पहचान महक के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने स्टीमर और गोताखोरों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। समाचार लिखे जाने तक दोनों का कोई सुराग नहीं लग सका था। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। कटघर थाना पुलिस का कहना है कि तलाश अभियान लगातार जारी है और दोनों को खोजने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
