बिजली कटौती और जिला प्रमुख की नजरबंदी के विरोध में शिवसेना का प्रदर्शन, राष्ट्रपति और डीएम को सौंपा ज्ञापन
मुरादाबाद। महानगर में बढ़ती बिजली कटौती, बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर दुर्व्यवहार के आरोप तथा शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा की कथित नजरबंदी के विरोध में युवा शिवसेना और शिवसैनिकों ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जैन मंदिर से जिला मुख्यालय तक मार्च निकालते हुए विभिन्न मांगों को लेकर नारेबाजी की और राष्ट्रपति तथा जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा।
शिवसेना कार्यकर्ताओं का आरोप है कि स्टेशन रोड समेत कई क्षेत्रों में लगातार हो रही बिजली कटौती से व्यापारी और आम नागरिक परेशान हैं। बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने से व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं और लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शन के दौरान शिवसैनिकों ने “बिजली कटौती बंद करो”, “व्यापारियों का उत्पीड़न बंद करो”, “जिला प्रमुख को सुरक्षा दो” और “वीरेंद्र अरोड़ा की नजरबंदी बंद करो” जैसे नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान शिवसेना पदाधिकारियों ने अमेरिका के खिलाफ भी विरोध दर्ज कराया और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजकर अपनी आपत्तियां व्यक्त कीं। जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने बिजली व्यवस्था में सुधार और नागरिकों को राहत देने की मांग की।

प्रदर्शन में युवा शिवसेना के शिबू पांडे, आकाश सिंह, जीतू भाई, अरुण ठाकुर, उमेश ठाकुर, पंकज पाल, दीपक, मयंक सैनी, अंकित, कैलाश कुमार, रोहतास, तेजपाल सैनी, राजपाल, विशाल सैनी, हर्ष सिंह, तिलक राज शर्मा, शिबू सैनी, प्रमोद सिंह, धर्मेंद्र सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक मौजूद रहे।
