राम मंदिर में करोड़ों की चोरी के मामले की सीबीआई जांच की मांग, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
लव इंडिया मुरादाबाद। शिवसेना (एकनाथ शिंदे इकाई) ने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में कथित वित्तीय अनियमितता एवं करोड़ों रुपये की चोरी के मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम एक ज्ञापन जिलाधिकारी मुरादाबाद के माध्यम से सौंपा।
ज्ञापन में संगठन ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की सीबीआई से जांच कराई जाए और जांच पूरी होने तक यदि आवश्यक हो तो संबंधित जिम्मेदार पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके दायित्वों से अलग रखा जाए, ताकि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से हो सके।
क्या कहा गया ज्ञापन में

ज्ञापन में कहा गया है कि श्रीराम मंदिर देश की करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। ऐसे में यदि मंदिर से जुड़े वित्तीय अनियमितता या चोरी जैसे आरोप सामने आए हैं तो उनकी गंभीरता से जांच होना आवश्यक है। संगठन का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि लोगों का विश्वास बना रहे।
शिवसेना ने यह भी मांग की कि यदि जांच में किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री से की हस्तक्षेप की मांग

संगठन ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले में व्यक्तिगत हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया है। ज्ञापन में कहा गया है कि धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना जनभावनाओं के दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण है।
इस दौरान, महानगर प्रमुख रजत क्षत्रिय, मंडल प्रमुख गुड्डू सैनी, जिला प्रभारी मनोज, ओम प्रकाश सैनी, मंगली सैनी,तिलक सैनी, मनीष प्रजापति व अन्य शिवसेना कार्यकर्ता मौजूद रहे।
