Sambhal Mahatmya: जन जागरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा संभल माहात्म्य ग्रंथ

लव इंडिया, संभल। संभल माहात्म्य ग्रंथ का आर्य समाज के प्रांगण में समारोह पूर्वक विमोचन किया गया। कैला देवी धाम के महंत ऋषि राज गिरी, नीमसार तीर्थ के बाल योगी दीनानाथ जी महाराज, उप जिलाधिकारी डॉक्टर वंदना मिश्रा, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डॉक्टर मणि भूषण तिवारी, तथा विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अनंत कुमार अग्रवाल एवं ग्रंथ के प्रकाशक गोपाल शरण अग्रवाल के कर कमलो से पुष्प वर्षा के बीच विमोचन कार्यक्रम संपन्न हुआ।


इस अवसर पर नीमसार तीर्थ के महंत बाल योगी दीनानाथ जी महाराज ने कहा कि सांस्कृतिक सामाजिक आध्यात्मिक और बौद्धिक क्रांति के लिए सद्विचार का होना अनिवार्य है और यह प्रेरणादायक सद्विचार हमें संभल माहात्म्य ग्रंथ से मिल सकते हैं। नगर पालिका परिषद संभल के अधिशासी अधिकारी डॉक्टर मणि भूषण तिवारी ने कहा कि संभल माहात्म्य में 68 तीर्थ 19 कूप सहित संभल की आध्यात्मिक सांस्कृतिक विरासत का वर्णन हम सबको द्रविभूत करेगा और संभल के प्रत्येक घर में इस ग्रंथ का होना अपेक्षित माना जाएगा।


उप जिलाधिकारी डॉक्टर वंदना मिश्रा ने बताया सामान्य रूप से प्रत्येक नगर बस्ती का संस्थापक कोई ना कोई होता है लेकिन संभल की स्थापना भगवान शिव ने अपने त्रिशूल के द्वारा की है। इसलिए संभल प्रत्येक युग में अक्षुण्ण रहा है। ऐसे तीर्थ के समान नगर की आध्यात्मिक कीर्ति का वर्णन करना और सुनना बराबर के पुण्य दायक हैं।


संभल माहात्म्य के प्रकाशनकर्ता गोपाल शरण अग्रवाल ने कहा कि संभल माहात्म्य का प्रकाशन महत्वपूर्ण इसलिए है कि संभल की आध्यात्मिक सामाजिक और सांस्कृतिक कीर्ति पताका संभल का व्यक्ति जितनी ऊंचाई तक फहरा सकता है दूसरा कोई नहीं। उन्होंने संभल माहात्म्य प्रकाशित करके जन जागृति उत्पन्न करना अपना उद्देश्य बताया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैला देवी धाम के महंत श्री ऋषि राज गिरी जी महाराज ने संभल माहात्म्य का प्रकाशन विमोचन और वितरण के लिए प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रत्येक क्षेत्रवासी संभल के महत्व को पढ़े समझे और संभल की यश पताका का अपनी क्षमता के अनुरूप सुदूर क्षेत्र तक पहुंचाये यह उनका कर्तव्य है और अधिकार भी। मंचासीन सभी अतिथियों ने सामूहिक रूप से भगवान कल्कि के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन किया।

तत्पश्चात पुष्प वर्षा के साथ ऋषि राज गिरी, बाल योगी दीनानाथ, उप जिलाधिकारी डॉक्टर वंदना मिश्रा, अधिशासी अधिकारी डॉक्टर मणि भूषण तिवारी, विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष अनंत कुमार अग्रवाल, बीपी सिंह चाहल, अशोक गर्ग, विष्णु शरण रस्तोगी, राकेश रस्तोगी, राजू रस्तोगी, रामपाल सिंह आदि ने पुष्प वर्षा के साथ संभल माहात्म्य का विमोचन किया।

तत्पश्चात संभल माहात्म्य प्रकाशन समिति के सदस्यों संध्या अग्रवाल, कपिल अग्रवाल, अजय गुप्ता सराफ, राष्ट्र बंधु रस्तोगी, प्रेम रस्तोगी, परीक्षित मोंगिया, प्रदीप वर्मा प्रताप, रतिस चंद्र रस्तोगी एडवोकेट, सुशील कुमार गुप्ता भगत जी, चंद्रभान आर्य आदि ने मंचासीन अतिथियों का माल्यार्पण और भगवा पटका पहनकर हार्दिक अभिनंदन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष अनंत कुमार अग्रवाल ने की तथा संचालन गोपाल शरण अग्रवाल ने किया।

error: Content is protected !!