जैन साध्वियों की संदिग्ध मृत्यु पर जैन समाज में रोष, श्रद्धांजलि सभा कर सौंपा ज्ञापन


लव इंडिया, मुरादाबाद। मध्य प्रदेश के रीवा में 20 मई को हुई दुखद घटना में जैन साध्वी 105 आर्यिका माता एवं आर्यिका उपशममति माताजी के देवलोक गमन पर मुरादाबाद के जैन समाज में गहरा रोष और शोक व्याप्त है।

घटना के विरोध में समस्त जैन समाज ने सिविल लाइंस स्थित श्री श्वेतांबर जैन मंदिर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।


जैन समाज के लोगों ने आर्यिका माताओं को विनयांजलि अर्पित करते हुए कहा कि दोनों साध्वियां सड़क किनारे चल रही थीं और सड़क लगभग खाली थी, ऐसे में कार की टक्कर से हुई यह घटना सामान्य दुर्घटना नहीं बल्कि संदिग्ध प्रतीत होती है। समाज ने मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।


जैन समाज के अध्यक्ष अनिल जैन ने कहा कि देश में पहले भी कई जैन संतों पर हमले हो चुके हैं। उन्होंने वर्ष 2023 में कर्नाटक में दिगंबर जैन संत आचार्य श्री 108 कामकुमार नंदी जी की हत्या का उल्लेख करते हुए कहा कि जैन संत हमेशा शांति, अहिंसा और सद्भाव का संदेश देते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।श्रद्धांजलि सभा के बाद जैन समाज के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर जैन संतों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

कार्यक्रम में बाबू मुकुट बिहारी लाल जैन सेवा न्यास की अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार जैन, जैन समाज के मंत्री अरविंद जैन, उपमंत्री समीर जैन, कोषाध्यक्ष दीपक जैन, महिला जैन समाज की अध्यक्ष नीलम जैन, मंत्री शिखा जैन, आशु जैन, मोहित जैन, अशोक जैन, संदीप जैन, नीरज जैन, विकास जैन, सुषमा जैन, राजेंद्र कुमार जैन, विनय जैन सहित बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग मौजूद रहे।

error: Content is protected !!