मुरादाबाद में SIR जांच में हटे दो लाख से अधिक नाम, वोटर लिस्ट में डबल नाम पर अब तक 14 लोगों पर FIR
मुरादाबाद। जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच में फर्जी और डुप्लीकेट मतदाता प्रविष्टियों के मामले सामने आने पर अब तक 14 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है।

जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया ने बताया कि SIR अभियान के दौरान जनपद के 24.59 लाख मतदाताओं का सत्यापन कराया गया। जांच के दौरान दो लाख से अधिक नाम मतदाता सूची से हटाए गए, जबकि करीब 4,500 नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े गए।प्रशासन के अनुसार पुनरीक्षण के बाद तैयार मतदाता सूची में पहले लगभग 20.71 लाख मतदाता दर्ज हुए थे।

इसके बाद पात्र मतदाताओं के नए नाम जुड़ने से जिले में अब करीब 22.26 लाख वैध मतदाता दर्ज हैं।डबल वोट बनवाने वालों पर कसा शिकंजाजांच के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ लोगों ने पहले से एक स्थान पर मतदाता होने के बावजूद दूसरे स्थान पर भी फॉर्म-6 के माध्यम से नाम दर्ज कराने का प्रयास किया। ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए हैं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि एक व्यक्ति का एक से अधिक स्थानों पर मतदाता के रूप में पंजीकरण कराना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने दी चेतावनीजिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मतदाता सूची में सही और वास्तविक जानकारी ही उपलब्ध कराएं। यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर फर्जी या डुप्लीकेट वोट बनवाने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
