संभल के बारीपुर-भमरोवा में आठ कन्याओं ने कराई नंदी बाबा की प्रतिमा स्थापना
संभल। ग्राम बारीपुर व भमरोवा स्थित प्राचीन शिव मंदिर में कश्यप एवं पाल समाज की आठ कन्याओं ने अपने निजी सहयोग से विधि-विधान के साथ भगवान नंदी बाबा की प्रतिमा की स्थापना कराई। इस अवसर पर पूजा-अर्चना और हवन का आयोजन किया गया।
ग्रामीणों के अनुसार गांव के इस प्राचीन शिव मंदिर में करीब 150 वर्षों से नंदी बाबा की प्रतिमा स्थापित नहीं थी। श्रद्धालुओं का कहना है कि शिव मंदिर में नंदी बाबा की प्रतिमा न होने से मंदिर में इसकी कमी महसूस होती थी।
गांव की रिशु, सरस्वती, कुसुम, पल्लवी, अंजलि, पायल, राखी और स्वाति सहित आठ कन्याओं ने आपस में धनराशि एकत्र कर नंदी बाबा की प्रतिमा स्थापित कराने का निर्णय लिया। इसके बाद विधि-विधान से पूजा, हवन और धार्मिक अनुष्ठान के साथ मंदिर परिसर में प्रतिमा की स्थापना कराई गई।

कन्याओं के इस कार्य की ग्रामीणों ने सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि इन कन्याओं ने किसी बाहरी सहयोग की अपेक्षा किए बिना अपने निजी धन से धार्मिक कार्य में योगदान देकर समाज के सामने सेवा और श्रद्धा की मिसाल पेश की है। ग्रामीणों के अनुसार इस तरह के धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों से नई पीढ़ी में भी सेवा, संस्कार और धार्मिक आस्था की भावना मजबूत होती है।
प्रतिमा स्थापना के दौरान ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर भगवान नंदी बाबा से गांव में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
