मुरादाबाद में चमकेगी हर गली, 17 सितंबर से शुरू होगा स्वच्छता ही सेवा महा अभियान : महापौर विनोद अग्रवाल

उमेश लव लव इंडिया मुरादाबाद स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने के लिए मुरादाबाद नगर निगम भी पूरी तरह तैयार है। नगर निगम के महापौर विनोद अग्रवाल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र सरकार के निर्देश पर शहर में स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 बड़े स्तर पर चलाया जाएगा।

महापौर विनोद अग्रवाल ने बताया कि यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से होगी। मुख्य पखवाड़ा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर स्वच्छ भारत दिवस तक रहेगा, जबकि विशेष स्वच्छता गतिविधियां 17 अक्टूबर तक जारी रहेंगी।

थीम है – स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत
महापौर ने बताया कि इस बार की थीम ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ रखी गई है। इसका उद्देश्य है कि स्वच्छता सिर्फ नगर निगम की नहीं, बल्कि हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।

मुरादाबाद में इन 5 बिंदुओं पर होगा फोकस

महापौर विनोद अग्रवाल ने बताया कि नगर निगम ने पूरे अभियान के लिए 5 सूत्रीय प्लान तैयार किया है –

  1. कचरा पॉइंट खत्म होंगे: शहर के सभी गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स (CTU) और रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार जैसे भीड़ वाले स्थानों को चिन्हित कर उनकी पूरी सफाई और सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
  2. स्कूल-कॉलेजों में स्वच्छ पाठशाला: युवाओं को जोड़ने के लिए सभी स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता रैली और वाद-विवाद प्रतियोगिता होगी।
  3. सफाईमित्रों का सम्मान: नगर निगम के सभी सफाईमित्रों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर और सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
  4. एक दिन, एक घंटा श्रमदान: 1 अक्टूबर को सुबह 10 बजे शहर के सभी वार्डों में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक एक साथ एक घंटे का महा श्रमदान करेंगे।
  5. कचरे से कमाई: स्वच्छता से समृद्धि के तहत कचरे से खाद और अन्य उपयोगी सामग्री बनाने पर जोर दिया जाएगा।

महापौर विनोद अग्रवाल ने शहरवासियों से अपील की है कि 17 सितंबर को सभी लोग अपने घर, दुकान और प्रतिष्ठान की सफाई स्वयं करें और शाम को स्वच्छता के संकल्प के रूप में एक दीया जलाएं। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद को स्वच्छता रैंकिंग में टॉप पर लाना ही हमारा लक्ष्य है।

error: Content is protected !!