RRB NTPC Exam देने जा रहे हैं…General Ticket पर चलेगी special train, Moradabad समेत कई स्टेशनों को मिलेगा लाभ

मुरादाबाद। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की एनटीपीसी परीक्षा में शामिल होने जा रहे अभ्यर्थियों के लिए उत्तर रेलवे ने बड़ी राहत दी है। परीक्षार्थियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 13 जून 2026 को एक विशेष अनारक्षित (जनरल) परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन में अभ्यर्थी सामान्य टिकट लेकर यात्रा कर सकेंगे।

उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल द्वारा जारी जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 04205 लखनऊ-नई दिल्ली अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन शुक्रवार रात 8 बजे लखनऊ से रवाना होगी। यह विशेष ट्रेन मुरादाबाद रेल मार्ग से होकर नई दिल्ली जाएगी, जिससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हजारों परीक्षार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा।

इन स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव

रेलवे के अनुसार यह विशेष ट्रेन निम्न स्टेशनों पर रुकेगी—

  • बालामऊ
  • हरदोई
  • शाहजहांपुर
  • बरेली
  • रामपुर
  • मुरादाबाद
  • अमरोहा
  • गजरौला
  • हापुड़
  • पिलखुवा
  • गाजियाबाद

इसके बाद ट्रेन नई दिल्ली पहुंचेगी।

परीक्षार्थियों की भीड़ को देखते हुए फैसला

रेलवे अधिकारियों के अनुसार आरआरबी एनटीपीसी परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थी विभिन्न शहरों में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचते हैं। ऐसे में नियमित ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने और परीक्षार्थियों को सुविधा उपलब्ध कराने के लिए यह विशेष अनारक्षित ट्रेन चलाई जा रही है।

जरूरत पड़ने पर और भी स्पेशल ट्रेनें

मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि परीक्षार्थियों की सुविधा रेलवे की प्राथमिकता है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी किया जा सकता है। रेलवे लगातार यात्रियों की संख्या और भीड़ की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

स्टेशनों पर विशेष निगरानी

रेलवे प्रशासन ने बताया कि परीक्षा अवधि के दौरान मंडल के प्रमुख स्टेशनों और ट्रेनों की निगरानी वरिष्ठ अधिकारियों, कंट्रोल रूम और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार की जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त व्यवस्था भी की गई है।

अभ्यर्थियों के लिए सलाह

रेलवे ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले स्टेशन पहुंचें और यात्रा के दौरान अपने परीक्षा दस्तावेज सुरक्षित रखें। भीड़ को देखते हुए समय का विशेष ध्यान रखने की भी सलाह दी गई है।

आरआरबी एनटीपीसी परीक्षा के मद्देनजर चलाई जा रही यह स्पेशल ट्रेन मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, अमरोहा और हापुड़ सहित कई जिलों के परीक्षार्थियों के लिए राहत भरी खबर मानी जा रही है।

error: Content is protected !!