कैंची धाम में आज उमड़ेगा आस्था का सैलाब, दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद
लव इंडिया, भवाली (नैनीताल)। उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में सोमवार को स्थापना दिवस के अवसर पर आस्था का विशाल संगम देखने को मिलेगा। बाबा नीब करौरी महाराज के भक्त देश-विदेश से कैंची धाम पहुंच रहे हैं। प्रशासन और मंदिर समिति के अनुसार इस बार स्थापना दिवस पर दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है।
मंदिर परिसर को फूल-मालाओं और विशेष सजावट से भव्य रूप दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्लान लागू किया गया है।

सुबह पांच बजे लगेगा महाप्रसाद का भोग
स्थापना दिवस पर सोमवार सुबह बाबा नीब करौरी महाराज को विशेष महाप्रसाद अर्पित किया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच मालपुए का प्रसाद वितरित किया जाएगा। मंदिर समिति के अनुसार श्रद्धालुओं के दर्शन और प्रसाद वितरण की व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है।
एक माह से चल रहा धार्मिक आयोजन

स्थापना दिवस से पूर्व कैंची धाम में पिछले एक माह से धार्मिक अनुष्ठान और अखंड हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन चल रहा था। रविवार को विशेष पारायण के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इसमें भाग लिया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 500 से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई है। विभिन्न मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं। पुलिस अधिकारियों को भी मौके पर निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
281 बसें और 500 टैक्सियां संचालित

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए परिवहन विभाग ने विशेष इंतजाम किए हैं। हल्द्वानी, काठगोदाम, नैनीताल, भवाली और अन्य प्रमुख स्थानों से शटल सेवा चलाई जा रही है। रविवार से ही 281 बसें और लगभग 500 टैक्सियां श्रद्धालुओं को कैंची धाम तक पहुंचाने में लगी हुई हैं।
स्थानीय लोगों की आवाजाही पर रोक नहीं
नैनीताल पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थानीय निवासियों की आवाजाही पर कोई रोक नहीं है। पहचान पत्र दिखाकर स्थानीय लोग सामान्य रूप से आवागमन कर सकेंगे। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
