संभल में हिंदू जागृति महिला मंच की कमान मीनू रस्तोगी के सुपुर्द

लव इंडिया सम्भल। हिंदू जागृति महिला मंच के त्रिवार्षिक चुनाव में मीनू रस्तोगी को जिला अध्यक्ष, गंगा रस्तोगी को महामंत्री तथा ज्योति गुप्ता को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया।

श्रीमती मीनू रस्तोगी जिला अध्यक्ष

कल्कि वाटिका कोट पूर्वी में संपन्न हुई हिंदू जागृति मंच की बैठक में चुनाव अधिकारी अरविंद शंकर शुक्ला ने हिंदू जागृति महिला मंच के जिला अध्यक्ष के लिए नाम के प्रस्ताव आमंत्रित किए, जिस पर नगर अध्यक्ष सुमन लता शर्मा ने महिला मंच के जिला अध्यक्ष के लिए मीनू रस्तोगी का नाम प्रस्तावित किया। दूसरा कोई प्रस्ताव न आने के कारण चुनाव अधिकारी ने मीनू रस्तोगी को हिंदू जागृति महिला मंच का जिला अध्यक्ष मनोनीत किया।

तत्पश्चात नव मनोनीत जिला अध्यक्ष की सहमति एवं सर्वसम्मति के साथ अधिवक्ता गंगा रस्तोगी को जिला महामंत्री तथा ज्योति गुप्ता को जिला कोषाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया।

श्रीमती गंगा रस्तोगी महामंत्री

चुनाव अधिकारी अरविंद शंकर शुक्ला ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि गत 3 वर्षों से मीनू रस्तोगी हिंदू जागृति महिला मंच की सभी गतिविधियां, आयोजन और स्मरण रखने योग्य विशेष समारोह आयोजित करके विचार क्रांति अभियान का संचालन कर रही हैं। ऐसा प्रेरणादाई कार्य, पुनीत भावना, कर्तव्य पालन वास्तव में हर किसी के लिए स्तुति करने योग्य है। इन्हीं सब बातों के दृष्टिगत मीनू रस्तोगी को महिला मंच का जिला अध्यक्ष मनोनीत करना संपूर्ण हिंदू जागृति मंच के लिए गर्व और गौरव का विषय है।

नव मनोनीत जिला अध्यक्ष, महामंत्री एवं कोषाध्यक्ष के रूप में मीनू रस्तोगी, गंगा रस्तोगी एवं ज्योति गुप्ता ने हिंदू जागृति महिला मंच को तन, मन, धन, समय और हर प्रकार की ऊर्जा से हर पल सींचने का संकल्प लिया।

श्रीमती ज्योति गुप्ता कोषाध्यक्ष

नीरू चाहल ने कहा कि हिंदू जागृति महिला मंच नित नवीन ऊर्जा के साथ समाज जागरण, राष्ट्र जागरण के कार्य में लगा हुआ है। जिसके कारण समाज में पहचान और ख्याति निरंतर बढ़ रही है। ऐसे पुनीत कार्य में रत न केवल कुछ पदाधिकारी बल्कि संपूर्ण हिंदू जागृति महिला मंच के सभी सदस्य अभिनंदन और वंदन के पात्र हैं।

शोभा गर्ग, रेखा शर्मा, रूपाली गुप्ता, अमित गुप्ता, सुभाष चंद्र शर्मा, विनोद कुमार अग्रवाल, राजेंद्र सिंह गुर्जर, मुकेश सैनी, सुभाष चंद्र मोंगिया, सुबोध कुमार शर्मा, अजय कुमार शर्मा, सुबोध कुमार गुप्ता आदि अनेक सदस्यों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए नव मनोनीत पदाधिकारियों का वंदन अभिनंदन किया। बैठक की अध्यक्षता हिंदू जागृति महिला मंच की प्रदेश अध्यक्ष नेहा मलय ने की और संचालन बबीता भारद्वाज ने किया।

error: Content is protected !!