12 साल बेमिसाल: उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मोदी सरकार की गिनाईं उपलब्धियां, आवासों की चाबियां सौंपीं लाभार्थियों को


उमेश लव लव इंडिया मुरादाबाद। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘12 वर्ष विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के’ अभियान के तहत रविवार को मुरादाबाद ब्लॉक परिसर में भव्य जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया, लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ वितरित किया तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा।


वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश


कार्यक्रम की शुरुआत उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा वृक्षारोपण से हुई। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख मनीष कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल, एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त, कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन विजय भान सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


स्वास्थ्य शिविर का किया शुभारंभ, योजनाओं की दी जानकारी


उपमुख्यमंत्री ने जनकल्याण शिविर में आयोजित स्वास्थ्य शिविर का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही हैं।
उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।


पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार का लोकार्पण


कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने मुरादाबाद ब्लॉक में नवनिर्मित पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह सभागार स्थानीय विकास गतिविधियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और सामाजिक आयोजनों के लिए उपयोगी साबित होगा।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार को केंद्र और प्रदेश सरकार धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है।


मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं


शिविर को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। पिछले 12 वर्षों में आधारभूत ढांचे, गरीब कल्याण, किसान हित, महिला सशक्तिकरण और डिजिटल भारत जैसे क्षेत्रों में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। यही सुशासन और विकास का वास्तविक मॉडल है।
मंच पर नगर विधायक रितेश गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख मनीष कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल, एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त, एमएलसी गोपाल अंजन, कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह, जिला सहकारी बैंक चेयरमैन विजय भान सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


लाभार्थियों को सौंपीं आवासों की चाबियां


कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया जब उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को उनके नए आवासों की चाबियां सौंपीं। लाभार्थियों ने सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अपना घर मिलने का सपना अब साकार हो गया है।
इस दौरान महापौर विनोद अग्रवाल, नगर विधायक रितेश गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख मनीष कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल, एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त, एमएलसी गोपाल अंजन, विधायक रामवीर सिंह तथा अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


सरकारी योजनाओं के स्टॉलों पर उमड़ी भीड़


शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। अधिकारियों ने पात्र लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी दी तथा कई लोगों का मौके पर पंजीकरण भी किया गया।
भाजपा कार्यकर्ताओं और लाभार्थियों की रही बड़ी भागीदारी
कार्यक्रम में जिले भर से भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, किसानों, महिलाओं और युवाओं ने भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान विकास योजनाओं और जनकल्याण कार्यक्रमों को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।



error: Content is protected !!