इतिहास से सीख ही करेगी भविष्य का निर्माण: डॉ. अरविंद गुप्ता
लव इंडिया, संभल: भारतीय इतिहास संकलन समिति एवं पंजाबी महासभा के संयुक्त तत्वावधान में कोट पूर्वी स्थित पंजाबी मंदिर में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में विभाजन के समय काल के गाल में समाए लाखों देशभक्तों व शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित कर दीपांजलि दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. अरविंद कुमार गुप्ता ने कहा कि “हमें इतिहास से शिक्षा लेकर भविष्य का निर्माण करना होगा। हिंदुत्व, समाज और राष्ट्रहित को समर्पित रहकर ही हम आदर्श नागरिक बन सकते हैं।”
पंजाबी महासभा के प्रदेश मंत्री व कार्यक्रम के प्रेरणा स्रोत संतलाल गंभीर ने कहा कि 1947 में अर्धरात्रि में लिए गए देश विभाजन के निर्णय ने लाखों लोगों को असमय काल का ग्रास बना दिया। उन्होंने कहा कि “ऐसी विभीषिका की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए हम सबको सजग रहना होगा। भारत, भारतीय और भारतीयता के लिए समर्पित रहकर ही हम अपनी पहचान बचा सकते हैं।”
भारतीय इतिहास संकलन समिति के जिला अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा ने सभी को प्रज्वलित दीप हाथ में लेकर सामूहिक संकल्प दिलाया:
“धर्म के आधार पर जागरूक रहेंगे, हिंदू समाज की एकता को सर्वोपरि रखेंगे, हिंदू-हिंदू भाई-भाई का भाव बनाए रखेंगे। हम भूलेंगे नहीं, हम माफ करेंगे नहीं, हम टूटेंगे नहीं, हम बिखरेंगे नहीं।”
इस अवसर पर समाज और हिंदुत्व के लिए समर्पित पंजाबी समाज के 11 प्रतिनिधियों – परीक्षित कुमार मोंगिया, संतलाल गंभीर, रामराज भाण्डूला, सरदार कुलबीर सिंह, सुभाष मदान, सुभाष मोंगिया, गुलशन चाबा, गुलशन मदान, योगेश मदान, कौशल राज अरोड़ा आदि को शॉल ओढ़ाकर, माल्यार्पण कर और शौर्य पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में सैकड़ों सदस्यों ने दीप जलाकर विभाजन में शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि दी और 2 मिनट का मौन रखा। परीक्षित कुमार मोंगिया ने अध्यक्षीय उद्बोधन में विभाजन के मार्मिक प्रसंग सुनाए। कार्यक्रम का संचालन समिति के जिला महामंत्री सुबोध कुमार गुप्ता ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम और समापन राष्ट्रगान से हुआ।
इस अवसर पर अशोक कुमार गर्ग, सत्यवीर सिंह, पंकज सांख्यधर, मीनू रस्तोगी, सुमन लता शर्मा, सुभाष चंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
