CM योगी ने कल्कि नगरी को 570 करोड़ की विकास योजनाओं की दी सौगात
लव इंडिया, बहजोई/संभल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को संभल जनपद को लगभग 570 करोड़ रुपये की 66 विकास परियोजनाओं की सौगात देकर जिले के विकास को नई दिशा दी।

नवीन पुलिस लाइन बहजोई स्थित कार्यक्रम स्थल पर आयोजित जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने 54 परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 12 पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि विकास, विरासत और सुरक्षा प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सरकार बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक नागरिक के हित में कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री दोपहर में हेलीकॉप्टर से बहजोई पहुंचे, जहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने विभिन्न विभागों की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया और विशाल जनसभा को संबोधित किया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री राजकीय हेलीकॉप्टर से बरेली के लिए रवाना हो गए।

मुख्यमंत्री ने जिले की सबसे बड़ी परियोजना 24 कोसीय वंशगोपाल परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं विकास कार्य का शिलान्यास किया। इसके साथ ही बहजोई में 100 शैय्या जिला चिकित्सालय भवन के निर्माण की आधारशिला रखी गई।

धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्री हरि कल्कि विश्व तीर्थ, देव तीर्थ, पापमोचन तीर्थ, 19 प्राचीन कूपों के संरक्षण एवं विकास, प्राचीन ऋषि कूप, अमृत कूप तथा यम तीर्थ के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों को भी नई गति मिली।

सड़क एवं परिवहन क्षेत्र में मऊ कठैर-फतेहपुर शमसोई-चंदौसी मार्ग, चंदौसी-बरेली मार्ग, चंदौसी बाजार मार्ग तथा चंदौसी-कुढ़फतेहगढ़ मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण से संबंधित परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। वहीं चंदौसी में नए बस स्टेशन तथा परिवहन से जुड़ी अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास का भी मार्ग प्रशस्त हुआ।

शिक्षा के क्षेत्र में असालतपुर जारई स्थित नवीन राजकीय हाईस्कूल एवं राजकीय प्राथमिक विद्यालय का लोकार्पण किया गया। साथ ही कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में मॉडल कार्यों का शिलान्यास भी मुख्यमंत्री ने किया। विभिन्न शैक्षिक एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से जिले के विद्यार्थियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध होने की उम्मीद जताई गई।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार का संकल्प ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना के साथ बिना जाति और मजहब का भेद किए प्रत्येक नागरिक तक विकास पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति और आस्था का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बहन-बेटियों की इज्जत के साथ खिलवाड़ करने वालों को उसकी कीमत चुकानी पड़ती है और आज पूरे देश में यह संदेश स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने संभलवासियों को विकास परियोजनाओं की सौगात पर बधाई देते हुए कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, परिवहन और धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में जिले का व्यापक विकास होगा। उन्होंने कहा कि संभल की ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। यातायात व्यवस्था, पार्किंग, बैरिकेडिंग और जनसभा स्थल पर सभी व्यवस्थाएं पहले से ही सुनिश्चित की गई थीं।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं आमजन कार्यक्रम में मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ और वे राजकीय हेलीकॉप्टर से बरेली के लिए रवाना हो गए।

