“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

लव इंडिया, संभल। पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति संवर्धन के उद्देश्य से भारत सरकार के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत हिंदू जागृति मंच के तत्वावधान में श्री बालाजी ज्ञान ज्योति संस्थान, हल्लू सराय, संभल में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, हिंदू जागृति मंच के पदाधिकारियों तथा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पीपल, नीम, बरगद, आम सहित आदि विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे तथा उनके संरक्षण एवं संवर्धन का सामूहिक संकल्प लिया।

इस अवसर पर हिंदू जागृति मंच के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं करते, बल्कि मानव जीवन के आधार हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए।

उन्होंने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रकृति की सेवा ही मानवता की सच्ची सेवा है। आगे उन्होंने कहा मंच द्वारा वृक्षारोपण का साप्ताहिक कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जिसमें विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण कर जागरूकता अभियान चलाया गया है।

दीपक शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। विद्यालय सदैव सामाजिक एवं राष्ट्रीय हित के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेता रहा है और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।

सहायक अध्यापिका आकांक्षा ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्ष पृथ्वी का अमूल्य उपहार हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को वृक्षारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आग्रह किया।

विकास कुमार वर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में वृक्षों को देवतुल्य माना गया है। पीपल, बरगद, नीम और अन्य वृक्ष केवल धार्मिक आस्था के प्रतीक ही नहीं, बल्कि मानव जीवन के लिए ऑक्सीजन, औषधि और प्राकृतिक संतुलन के प्रमुख स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक परिवार प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और सुरक्षित वातावरण का निर्माण किया जा सकता है।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान अनीता श्रीवास्तव, ज्योति, पायल, रूपाली, विशाखा ठाकुर, आकांक्षा ठाकुर, सोनी ठाकुर, अंशिका शर्मा, प्रियंका, तपस्या, सुधा, अजय शर्मा, दीपक शर्मा, विकास कुमार वर्मा आदि उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!