फर्जी मतदान की कोशिश पर FIR कराएगी सपा, असगर अली अंसारी ने शिक्षक मतदाताओं से की अपील

संभल। बरेली–मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन खंड के एमएलसी चुनाव में फर्जी मतदान की आशंका को लेकर समाजवादी पार्टी ने सख्त रुख अपनाया है। सपा के संभल जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति फर्जी मतदाता बनकर मतदान करने का प्रयास करता है या फर्जी मतदान करते हुए पकड़ा जाता है, तो संबंधित निर्वाचन अधिकारियों से शिकायत कर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

असगर अली अंसारी ने कहा कि चुनाव में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने शिक्षक मतदाताओं से अपील की कि वे किसी भी दबाव में आए बिना निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और निर्वाचन नियमों का पालन करते हुए लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखें।

उन्होंने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर के समर्थन में मतदान की अपील करते हुए कहा कि शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी प्रतिबद्ध है। उन्होंने वित्तविहीन शिक्षकों के मानदेय, पुरानी पेंशन बहाली, सेवा सुरक्षा तथा अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों के शिक्षकों और व्यावसायिक शिक्षकों के स्थायीकरण जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

सपा जिलाध्यक्ष ने शिक्षक मतदाताओं से अपील की कि मतपत्र पर क्रमांक एक पर दर्ज पार्टी प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर के नाम के सामने निर्धारित तरीके से मतदान कर उन्हें विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव की पक्षधर है।

error: Content is protected !!