जुमा अलविदा पर जामा मस्जिद में उमड़ी भीड़, नमाजियों ने मांगी अमन-चैन की दुआ

लव इंडिया, मुरादाबाद। रमजान के आखिरी जुमे ‘जुमा अलविदा’ के मौके पर शुक्रवार को मुरादाबाद की ऐतिहासिक जामा मस्जिद में बड़ी संख्या में नमाजियों ने नमाज अदा की। सुबह से ही मस्जिद और आसपास के क्षेत्रों में नमाजियों की आवाजाही शुरू हो गई थी और नमाज के समय मस्जिद परिसर व आसपास की सड़कों पर भारी भीड़ दिखाई दी।

छोटे बच्चे भी दादा के साथ नमाज पढ़ने के लिए जामा मस्जिद पहुंचे


जुमा अलविदा की नमाज के दौरान नमाजियों ने देश और दुनिया में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए दुआ की। रमजान के इस खास दिन पर लोग अपने परिवार के साथ मस्जिद पहुंचे और अल्लाह की इबादत में शामिल हुए।
इस दौरान एक खास नजारा तब देखने को मिला जब छोटे-छोटे बच्चे भी अपने दादा और परिवार के साथ नमाज पढ़ने के लिए जामा मस्जिद पहुंचे।

जामा मस्जिद और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात

पारंपरिक कपड़ों में सजे नन्हे नमाजियों को देखकर लोगों का ध्यान उनकी ओर गया और बच्चों में भी इबादत को लेकर उत्साह दिखाई दिया। जुमा अलविदा के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। जामा मस्जिद और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया ताकि नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

सिविल डिफेंस से जुड़े वॉर्डन भी मौजूद रहे

इसके अलावा जामा मस्जिद चौराहे पर नागरिक सुरक्षा संगठन (सिविल डिफेंस) से जुड़े वॉर्डन भी मौजूद रहे और उन्होंने नमाजियों की सुविधा व यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया। प्रशासन की निगरानी और सुरक्षा इंतजामों के बीच जुमा अलविदा की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई।

ये अधिकारी रहे मौजूद

जामा मस्जिद में जुमा अलविदा की नमाज़ पढ़ने जा रहे नमाजियों की सुरक्षा के लिए जामा मस्जिद चौराहे पर तैनात एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह, एडीएम सिटी ज्योति सिंह व नागरिक सुरक्षा संगठन से जुड़े वॉर्डन मौजूद रहे।

Hello world.

This is a sample box, with some sample content in it. this is an advertisement

error: Content is protected !!