टीएमयू इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के विद्यार्थियों का टीसीएस में चयन, कैंपस प्लेसमेंट से मिली बड़ी सफलता
लव इंडिया, मुरादाबाद। टीएमयू इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (टिमिट) के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए देश की प्रतिष्ठित आईटी एवं कंसल्टिंग कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज लिमिटेड (TCS) में चयन हासिल किया है। अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए आयोजित कैंपस रिक्रूटमेंट ड्राइव में बीबीए और बीकॉम के पांच छात्रों का चयन किया गया।
कंपनी की ओर से आयोजित वर्चुअल भर्ती प्रक्रिया के दौरान वरिष्ठ एचआर मैनेजर एवं उनकी टीम ने विद्यार्थियों को कंपनी की कार्यप्रणाली, करियर अवसरों और जॉब प्रोफाइल के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों की विभिन्न जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। चयन प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों के व्यक्तिगत साक्षात्कार लिए गए।

कठिन और बहुस्तरीय चयन प्रक्रिया के बाद बीबीए की अंशिका जैन, शशांक जैन, तान्या भारद्वाज, माधव अग्रवाल तथा बीकॉम के अंश जैन का अंतिम रूप से चयन किया गया।
चयनित विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय टिमिट के गुणवत्तापूर्ण पाठ्यक्रम, व्यावहारिक शिक्षा, अनुभवी फैकल्टी और प्लेसमेंट सेल की प्रभावी कार्यप्रणाली को दिया। उन्होंने कहा कि संस्थान में प्राप्त शिक्षा और प्रशिक्षण ने उन्हें कॉरपोरेट जगत की चुनौतियों के लिए तैयार किया और आज उन्हें अपने सपनों की मंजिल तक पहुंचने का अवसर मिला है।

इस अवसर पर टिमिट के डीन एवं फैकल्टी ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट के प्रो. (डॉ.) विपिन जैन ने चयनित छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता संस्थान की सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि टिमिट छात्रों को केवल अकादमिक ज्ञान ही नहीं बल्कि उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावहारिक कौशल भी प्रदान करता है। विद्यार्थियों की यह उपलब्धि पूरे संस्थान के लिए गर्व का विषय है।
कॉरपोरेट रिसोर्स सेंटर के डायरेक्टर अरुण कुमार और डिप्टी डायरेक्टर आकाश भटनागर ने भी चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं तथा टीसीएस के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि टिमिट निरंतर छात्रों को उद्योग की मांगों के अनुरूप प्रशिक्षित करने का कार्य कर रहा है, जिसका परिणाम बेहतर प्लेसमेंट के रूप में सामने आ रहा है।
