टिमिट में आयोजित हुआ कॉर्पोरेट क्विज चैलेंज-2026

लव इंडिया, मुरादाबाद। तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय के तीर्थंकर महावीर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (टिमिट) में विद्यार्थियों के ज्ञान, तर्कशक्ति एवं कॉर्पोरेट जगत की समझ को विकसित करने के उद्देश्य से “कॉर्पोरेट क्विज चैलेंज-2026” का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन 24 सितंबर 2026 को सेमिनार हॉल, टिमिट में किया गया, जिसमें एमबीए के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कॉर्पोरेट जगत, व्यवसाय, प्रबंधन, अर्थव्यवस्था, ब्रांड्स एवं समसामयिक व्यावसायिक घटनाक्रमों से संबंधित जानकारी को रोचक एवं प्रतिस्पर्धात्मक माध्यम से परखने का अवसर प्रदान करना रहा। क्विज के विभिन्न चरणों में विद्यार्थियों ने अपनी ज्ञान क्षमता, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता, टीमवर्क एवं तार्किक सोच का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर टिमिट के डीन प्रो. विपिन जैन जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि कॉर्पोरेट क्विज जैसे आयोजन विद्यार्थियों के अकादमिक ज्ञान को व्यावहारिक एवं समसामयिक संदर्भों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी कॉर्पोरेट वातावरण में केवल पाठ्यक्रम का ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में उद्योग जगत की समझ, सामान्य जागरूकता, विश्लेषणात्मक क्षमता और त्वरित निर्णय लेने की योग्यता भी आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाते हैं।

उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थी प्रत्येक अवसर को सीखने और अपने व्यक्तित्व विकास के माध्यम के रूप में लें। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं सक्रियता के साथ विभिन्न प्रश्नों का उत्तर देते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन ने विद्यार्थियों को मनोरंजन के साथ-साथ कॉर्पोरेट एवं प्रबंधन संबंधी ज्ञान को मजबूत करने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम का सफल संयोजन फाइनल ईयर के टीचर्स के द्वारा किया गया। टीचर्स ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार की ज्ञानवर्धक एवं कौशलपरक गतिविधियों को आयोजित करने की बात कही।

error: Content is protected !!