Cockroach Janata Party: शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर युवाओं का प्रदर्शन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग

नई दिल्ली। देश की शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर शनिवार को राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों, युवाओं और अभिभावकों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई।

यह प्रदर्शन सोशल मीडिया पर सक्रिय एक समूह “कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)” के आह्वान पर आयोजित किया गया। संगठन के संस्थापक अभिजीत दिपके भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। आयोजकों के अनुसार आंदोलन का उद्देश्य विभिन्न राष्ट्रीय परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं के खिलाफ आवाज उठाना है।

प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने हाथों में तिरंगा और किताबें लेकर शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही और पारदर्शिता की मांग की। कुछ प्रदर्शनकारियों ने सांकेतिक रूप से विशेष मास्क भी पहन रखे थे। आंदोलनकारियों ने पुलिसकर्मियों को फूल भेंट कर शांतिपूर्ण प्रदर्शन का संदेश दिया।

आयोजकों का आरोप है कि पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर छात्रों के बीच असंतोष बढ़ा है। उनका कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया को और अधिक सुरक्षित, पारदर्शी तथा तकनीकी रूप से मजबूत बनाने की आवश्यकता है ताकि छात्रों का भरोसा कायम रहे।

प्रदर्शन से पहले आयोजकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से समर्थकों से शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से अपनी बात रखने की अपील की थी। दिल्ली पुलिस की अनुमति के बाद जंतर-मंतर पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया तथा स्थिति पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निगरानी रखी गई।

आंदोलनकारियों का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बढ़ाने और छात्रों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करना है।

error: Content is protected !!