मुरादाबाद में शिवसेना ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, तेंदुए के हमलों और बाढ़ पीड़ितों के लिए मुआवजे की मांग


लव इंडिया, मुरादाबाद। ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते तेंदुए के हमलों और बाढ़ से प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा के नेतृत्व में पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से तेंदुए के हमलों में मृत और घायल ग्रामीणों को अधिकतम आर्थिक सहायता देने की मांग की गई।
शिवसेना ने मांग रखी कि तेंदुए के हमले में मारे गए लोगों के परिजनों को 25 लाख रुपये और घायलों को 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए। साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ग्रामीणों की क्षतिग्रस्त संपत्तियों और नष्ट हुई फसलों का आकलन कर उचित एवं अधिकतम मुआवजा दिलाने की मांग की गई।


संगठन ने इसके लिए उप जिलाधिकारी के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर क्षति का सर्वे कराने की मांग भी रखी, ताकि प्रभावित ग्रामीणों को वास्तविक नुकसान के आधार पर क्षतिपूर्ति मिल सके।
छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया
ज्ञापन में छत्रपति शिवाजी चौक स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा से कथित अमर्यादित व्यवहार का मुद्दा भी उठाया गया। शिवसेना ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने तथा भगवा ध्वज को हटाने/क्षतिग्रस्त करने का प्रयास करने वालों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की।
संगठन ने प्रतिमा की सुरक्षा के लिए तत्काल छत्र लगाने और वेब डायरेक्टिंग/सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की मांग रखी, ताकि प्रतिमा को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे।


शिवसेना ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के नीचे बैठकर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
मुरादाबाद में छत्रपति शिवाजी चौक और प्रतिमा को लेकर शिवसेना की सक्रियता पहले भी सामने आती रही है। वर्ष 2024 में वीरेंद्र अरोड़ा ने शिवाजी के नाम पर मार्ग के नामकरण के लिए आंदोलन किए जाने की बात कही थी।


वहीं, हाल के दिनों में मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा क्षेत्र में तेंदुए के हमलों से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। विभिन्न रिपोर्टों में मौतों और घायलों के मामलों के साथ ग्रामीणों द्वारा मुआवजे तथा तेंदुए को पकड़ने की मांग सामने आई है।
ज्ञापन देने वाले प्रतिनिधिमंडल में वीरेंद्र अरोड़ा, कमल सिंह राव, मुदित उपाध्याय, शिबू पांडे, अरुण ठाकुर, शिवकुमार, नितेश, दीपक आदि शामिल रहे।

error: Content is protected !!