अगवानपुर चेयरमैन समेत दो पर 43.77 लाख रुपए की ठगी की रिपोर्ट दर्ज

लव इंडिया, मुरादाबाद। एडीजी जोन के आदेश पर सिविल लाइंस पुलिस ने क्षेत्र के डॉ. संजीव कुमार की तहरीर पर अगवानपुर नगर पंचायत अध्यक्ष गुलरेज और उसके सहयोगी दानिश के खिलाफ 43.77 लाख रुपये की ठगी और जान से मारने की धमकी मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना सिविल लाइंस क्षेत्र की आशियाना कालोनी निवासी डॉ. संजीव कुमार ने एडीजी बरेली जोन को दिए गए शिकायत पत्र में कहा था कि दानिश ने कृषि भूमि की प्लाटिंग में हिस्सेदारी का झांसा देकर विभिन्न किस्तों में कुल 43.77 लाख रुपये लिए। इस दौरान कचहरी में एग्रीमेंट भी कराया गया, लेकिन न तो प्लाटिंग हुई और न ही रकम वापस की गई।

आरोप लगाया है कि इस पूरे प्रकरण में अगवानपुर नगर पंचायत चेयरमैन गुलरेज भी शामिल हैं। पीड़ित डाॅक्टर का कहना है कि रकम मांगने पर उन्हें धमकाते रहे और कहा कि सबूत नहीं है, ज्यादा तकादा किया तो जान से मरवा देंगे। यहां तक कि क्लिनिक में आग लगाने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई।

पीड़ित डॉक्टर का आरोप है कि आरोपी एक संगठित गिरोह के माध्यम से लोगों को झांसा देकर ठगी करते हैं और पुलिस कार्रवाई से बचने की कोशिश करते हैं। पीड़ित की शिकायत पर एडीजी जोन ने एफआईआर के आदेश दिए। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना ने बताया कि तहरीर के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। विवेचना में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!