अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत धामपुर रेलवे स्टेशन का कायाकल्प पूरा, जल्द होगा लोकार्पण
मुरादाबाद/धामपुर, 13 जुलाई। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल स्थित धामपुर रेलवे स्टेशन का व्यापक पुनर्विकास कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। स्टेशन पर सभी निर्धारित विकास कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं और अब इसके लोकार्पण कार्यक्रम की तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी।
भारतीय रेल की इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, यात्री-अनुकूल और विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित करना है। इसी क्रम में धामपुर रेलवे स्टेशन का नया स्वरूप यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करेगा।

धामपुर शहर का ऐतिहासिक महत्व भी है। वर्ष 1933 में मात्र 300 टन प्रतिदिन पेराई क्षमता के साथ शुरू हुई धामपुर शुगर मिल आज देश के प्रमुख चीनी उद्योगों में गिनी जाती है। वर्तमान में धामपुर रेलवे स्टेशन माल ढुलाई और यात्री सेवाओं, दोनों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बना हुआ है।
पुनर्विकास के तहत स्टेशन भवन को आधुनिक स्वरूप दिया गया है। बेहतर प्रकाश व्यवस्था, उन्नत प्रतीक्षालय, स्वच्छ एवं आधुनिक शौचालय, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं, आधुनिक यात्री सूचना प्रणाली, उच्च गुणवत्ता वाले साइनेज, सुगम आवागमन के लिए बेहतर परिसंचरण क्षेत्र तथा स्टेशन परिसर का आकर्षक सौंदर्यीकरण किया गया है। हरित वातावरण को बढ़ावा देने के लिए व्यापक पौधारोपण और लैंडस्केपिंग का कार्य भी कराया गया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किए गए विकास कार्यों से धामपुर रेलवे स्टेशन न केवल अधिक आकर्षक और आधुनिक बना है, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा का बेहतर अनुभव भी मिलेगा। स्टेशन का नया स्वरूप क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और स्थानीय विरासत की झलक भी प्रस्तुत करता है।
उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल ने सभी निर्माण एवं विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण कर लिए हैं। अब केवल लोकार्पण कार्यक्रम शेष है, जिसकी तिथि जल्द घोषित की जाएगी। रेलवे का कहना है कि ऐसे विकास कार्य यात्रियों को उत्कृष्ट रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्थानीय क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी नई गति देंगे।
