लव इंडिया संभल। हिंदू जागृति मंच के तत्वावधान में सावन के प्रथम सोमवार के अवसर पर भगवान शिव की महाआरती का आयोजन किया गया । जिसमें सामूहिक रूप से जलाभिषेक और भजन गायन किया गया।
भजनों का गायन श्रद्धा एवं आस्था के साथ किया गया

नगर के अमृत कूप मंदिर में अजय शुक्ला के निर्देशन में यजमान सुबोध कुमार गुप्ता, भरत मिश्रा, आशा गुप्ता और हिमानी मिश्रा ने सर्वप्रथम भगवान शिव का चंदन लगाकर, बेलपत्र, गंगाजल, दूध, शहद, मिष्ठान, पुष्प आदि से अभिषेक व पूजन किया। मंदिर प्रांगण में भगवान शिव को समर्पित भजनों का गायन श्रद्धा एवं आस्था के साथ किया गया।
भय, क्रोध और अहंकार को मिटाना होगा
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री सुबोध गुप्ता ने कहा कि सावन का स्वागत करना है तो अपने अंदर से ईष्या, द्वेष, भय, क्रोध और अहंकार को मिटाना होगा। इसके लिए हृदय को निर्मल और पवित्र बनाना होगा। जब हमारे आचरण में सरलता, आनंद, पवित्रता और प्रेम का गुण होगा, तभी प्रकृति में स्थित शिव को देख पाएंगे।
व्रत करने से कुंडली में चंद्र ग्रह की स्थिति मजबूत होती
जिलाध्यक्ष अरुण अग्रवाल ने कहा कि यदि कोई भी श्रद्धा भाव से सावन के सभी सोमवार का व्रत करता है तो उस व्यक्ति पर भगवान शिव और पार्वतीजी की अवश्य कृपा होती है। सोमवार का व्रत रखने से मनुष्य की दुःख और चिंताएं दूर होती हैं एवं शरीर के रोगों से मुक्ति मिलती है। इसके अलावा इस व्रत को करने से कुंडली में चंद्र ग्रह की स्थिति मजबूत होती है।
भगवान शिव उनकी मनोकामनाएं पूरी करते हैं
प्रदेश प्रभारी आशा गुप्ता ने कहा कि भगवान शिव की पूजा करने और उनका आशीर्वाद पाने के लिए मनाया जाता है। सावन माह के दौरान सोमवार का दिन शुभ होता है और ऐसा माना जाता है कि यदि भक्त समर्पण के साथ भगवान शिव की पूजा करे तो भगवान शिव उनकी मनोकामनाएं पूरी करते हैं।
मृत्यु के देवता यमराज भी नतमस्तक
नगरपालिका सभासद महावीर सिंह ने कहा कि श्रावण मास में अकालमृत्यु दूर कर दीर्घायु की प्राप्ति के लिए व सभी व्याधियों को दूर करने के लिए विशेष पूजा की जाती है। मारकंडे ऋषि के पुत्र मारकण्डेय ने लंबी आयु के लिए श्रावण माह में ही घोर तप कर शिव की कृपा प्राप्त की थी,जिससे मिली मंत्र शक्तियों के सामने मृत्यु के देवता यमराज भी नतमस्तक हो गए थे।

इस अवसर पर सुभाषचंद्र मोंगिया, यज्ञदत्त शर्मा, राजेंद्र सिंह गुर्जर, अंकुर रस्तोगी, अमित शुक्ला, सुमन कुमार वर्मा, वैभव छाबड़ा, नवीन शर्मा, योगेश अग्रवाल, दुष्यंत मिश्रा, सौरभ अग्रवाल, योगेंद्र सिंह त्यागी, अर्णव मिश्रा, आरव मिश्रा, वीरबाला गुप्ता, कविता गुप्ता, मीनू रस्तोगी, मंजू रावत, सुमन लता शर्मा, सुमन शर्मा, सरिता गुप्ता, पूर्णिमा त्यागी, पुष्टि वार्ष्णेय, अनीता त्यागी, श्रेया अग्रवाल, आशी अग्रवाल, वृंदा अग्रवाल, आदि उपस्थित रहे।
Hello world.