मैनाठेर बिजली हादसा: शिवसेना ने पीड़ित परिवारों से की मुलाकात, अधिक मुआवजे की उठाई मांग


लव इंडिया, मुरादाबाद। मैनाठेर क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत और तीन लोगों के घायल होने की घटना के बाद शिवसेना का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचा। शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी तथा अस्पताल में भर्ती घायलों का हालचाल जाना।


शिवसेना का प्रतिनिधिमंडल पहले मैनाठेर क्षेत्र पहुंचा, जहां आकाशीय बिजली की चपेट में आकर जान गंवाने वाले परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल मुरादाबाद के साईं अस्पताल पहुंचा और उपचाराधीन घायलों एवं उनके परिजनों से मिलकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।


इस दौरान शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा ने कहा कि प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले परिवारों को सरकार की ओर से ₹5 लाख तथा घायलों को ₹50 हजार की आर्थिक सहायता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिवसेना भी पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है और संगठन की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की घोषणा की गई है।


वीरेंद्र अरोड़ा ने बताया कि शिवसेना का एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही जिलाधिकारी से मुलाकात करेगा। इस दौरान पीड़ित परिवारों को भी साथ ले जाया जाएगा, ताकि उन्हें उचित मुआवजा और सरकारी सहायता दिलाने के लिए प्रभावी ढंग से मांग रखी जा सके।
उन्होंने प्रशासन से घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने की भी अपील की। इस अवसर पर शिबू पांडे, अरुण ठाकुर, आकाश सिंह, मयंक सैनी, राहुल सिंह, विक्की कश्यप, जितेंद्र सिंह सहित शिवसेना के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!