NEET student से gang rape के विरोध में Congress का प्रदर्शन, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग


लव इंडिया, मुरादाबाद। महोबा में नीट छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी और महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट तक जुलूस निकालकर एसडीएम प्रिंस वर्मा को ज्ञापन सौंपा और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी के साथ पीड़िता को सुरक्षा एवं आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई।


प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों और प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। ज्ञापन में कहा गया कि नीट छात्रा के साथ हुई घटना न केवल अमानवीय है, बल्कि प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्न खड़े करती है। कांग्रेस नेताओं ने दोषियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।


कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीड़िता और उसके परिवार को तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा उचित आर्थिक सहायता और इलाज की व्यवस्था कराने की भी मांग की। नेताओं ने कहा कि ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई जरूरी है ताकि भविष्य में किसी बेटी के साथ इस तरह की घटना दोबारा न हो। कलक्ट्रेट पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार को घेरा। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पीड़िता को न्याय नहीं मिला तो पार्टी आगे भी आंदोलन जारी रखेगी।

प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष विनोद कुमार, महानगर अध्यक्ष जुनैद इकराम बंटी, पूर्व जिलाध्यक्ष अजय सारस्वत सोनी, पूर्व जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद, पूर्व महानगर अध्यक्ष अनुभव मल्होत्रा, पूर्व महानगर अध्यक्ष असद मलई, नजाकत हुसैन, पार्षद मोअज्जम अली, अधिवक्ता अंजार हुसैन, आजम खां, बन्ने पहलवान, मुशाहिद चौधरी, सलीम, अशरफ अली, अजय गोपाल रस्तोगी, अनुराग शर्मा, गौरव सोत्रीय, तबस्सुम समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

error: Content is protected !!