संभल कूच कर रहे शिवसैनिकों को रोका, 1200 ने दी गिरफ्तारी

हरिहर मंदिर में जलाभिषेक के लिए जाने का प्रयास, बुध बाजार में पुलिस ने रोका; शिवसैनिकों ने लगाए ‘बाबा हम तो आएंगे, जल वहीं चढ़ाएंगे’ के नारे

मुरादाबाद। संभल स्थित हरिहर मंदिर में जलाभिषेक के लिए कूच कर रहे शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के शिवसैनिकों को मुरादाबाद में पुलिस-प्रशासन ने रोक दिया। शिवसेना के अनुसार, आंदोलन में लगभग 1200 शिवसैनिकों ने अपनी गिरफ्तारी दी।

शिवसेना के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित कार्यक्रम में मुंबई से वरिष्ठ नेता राजेश दुबे और अनिल देशमुख, उत्तराखंड के प्रदेश उप प्रमुख रूपेंद्र नागर तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी महेश आहूजा शामिल हुए। मुरादाबाद जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा और महानगर प्रमुख कमल सिंह राव के साथ बरेली, हल्द्वानी, मेरठ, गाजियाबाद, बिजनौर और नोएडा के जिला प्रमुखों सहित विभिन्न जनपदों से शिवसैनिक मुरादाबाद पहुंचे।

जिला कार्यालय पर जुटे शिवसैनिक

शिवसेना के अनुसार, मुरादाबाद के बुध बाजार स्थित जिला कार्यालय पर सुबह करीब 11 बजे से विभिन्न इकाइयों और शाखाओं के कार्यकर्ताओं का पहुंचना शुरू हो गया था। ग्रामीण क्षेत्रों से कुछ कार्यकर्ताओं के ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से पहुंचने का भी दावा किया गया।

संगठन का आरोप है कि कई कार्यकर्ताओं को रास्ते में ही भारी पुलिस बल लगाकर रोक दिया गया, जबकि महानगर के कुछ वरिष्ठ पदाधिकारियों को उनके घरों पर नजरबंद किया गया।

इसके बावजूद बड़ी संख्या में शिवसैनिक जिला कार्यालय पर एकत्र हुए और करीब 12:30 बजे संभल के लिए रवाना होने का प्रयास किया।

शिवाजी चौक पर पुलिस ने रोका

शिवसैनिकों के शिवाजी चौक की ओर बढ़ते ही पुलिस ने भारी बल के साथ उन्हें रोक लिया। इस दौरान शिवसैनिकों और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई। प्रदर्शनकारियों ने ‘बाबा हम तो आएंगे, जल वहीं चढ़ाएंगे’ और ‘जय भवानी, जय शिवाजी’ के नारे लगाए।

पुलिस द्वारा आगे बढ़ने से रोके जाने के विरोध में शिवसैनिक सड़क पर धरने पर बैठ गए। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना शुरू किया।

शिवसेना की ओर से दावा किया गया कि आंदोलन में लगभग 1200 शिवसैनिकों ने लिखित रूप से गिरफ्तारी दी।

हरिहर मंदिर को लेकर शिवसेना के कार्यकर्ताओं द्वारा मुरादाबाद से संभल जाने के प्रयास और पुलिस द्वारा उन्हें रोकने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। वर्ष 2024 में भी मुरादाबाद से संभल जा रहे शिवसेना कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका था और गिरफ्तारी की खबर सामने आई थी।

ये रहे प्रमुख पदाधिकारी

कार्यक्रम में विपिन भटनागर, वीरेंद्र अरोड़ा, कमल सिंह राव, मुदित उपाध्याय, शिबू पांडे, राजीव राठौर, अरुण ठाकुर, आकाश सिंह, मयंक सैनी, महेश राजपूत, विक्की कश्यप, प्रदीप ठाकुर, तिलक राज, विशाल सैनी, शिबू सैनी, शरद कपूर, यश कश्यप, हरि सिंह, सोनू, जीतू प्रजापति, तेजपाल सैनी, राजपाल, राहुल, जितेंद्र पासी, मधुबाला कश्यप, धर्मेंद्र कश्यप, उमेश ठाकुर, सुरेश सैनी, नितेश सिंह, पंकज पाल, बादाम सिंह, हर्ष सिंह, अशोक सैनी, पवन रोहिल्ला और चंचल अरोड़ा सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक मौजूद रहे।


error: Content is protected !!