लव इंडिया, गाजियाबाद। दिल्ली से सटे गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी और 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश असद का शनिवार तड़के पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में अंत हो गया। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह मामला 28 मई को बकरीद के दिन सामने आया था, जब खोड़ा थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय छात्र सूर्या प्रताप चौहान की सरेराह चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार मामूली विवाद के बाद असद और उसके साथियों ने छात्र पर ताबड़तोड़ हमला किया था। गंभीर रूप से घायल सूर्या को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया था। परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया था। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया और पांच लोगों को नामजद आरोपी बनाया। शुरुआती कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया, जबकि मुख्य आरोपी असद और उसका एक साथी फरार चल रहे थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट ने असद की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके बाद पुलिस और स्वाट टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

पुलिस के अनुसार शनिवार तड़के सूचना मिली कि असद अपने एक परिचित से पैसे लेने और उसके बाद शहर छोड़कर भागने की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर खोड़ा क्षेत्र में घेराबंदी की गई। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार असद अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा।
पुलिस ने जब उसे रुकने का संकेत दिया तो उसने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में असद गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायल असद को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से एक अवैध तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है।

ट्रांस हिंडन के पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल ने बताया कि सूर्या चौहान हत्याकांड के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मुख्य आरोपी के मारे जाने के बाद मृतक सूर्या चौहान के परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर संतोष जताया है। वहीं इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
सूर्या चौहान हत्याकांड में पुलिस की यह कार्रवाई प्रदेश की अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति का बड़ा उदाहरण मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।