विश्व जनसंख्या दिवस पर गोकुलदास हिंदू गर्ल्स कॉलेज में पोस्टर प्रतियोगिता, छात्राओं ने जनसंख्या विस्फोट के दुष्प्रभाव बताए
लव इंडिया, मुरादाबाद। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर गोकुलदास हिंदू गर्ल्स कॉलेज, मुरादाबाद के अर्थशास्त्र विभाग द्वारा “जनसंख्या विस्फोट: भविष्य के लिए खतरा” विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 30 छात्राओं ने भाग लेकर जनसंख्या वृद्धि से उत्पन्न सामाजिक, आर्थिक एवं पर्यावरणीय समस्याओं को पोस्टर के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. चारु मेहरोत्रा ने कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस का उद्देश्य बढ़ती आबादी, स्वास्थ्य, शिक्षा और सतत विकास के प्रति जागरूकता फैलाना है। उन्होंने कहा कि जनसंख्या तभी देश की शक्ति बन सकती है, जब प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के समान अवसर उपलब्ध हों। उन्होंने परिवार नियोजन, लैंगिक समानता तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

प्रतियोगिता में सुरभि चौहान (एमए द्वितीय सेमेस्टर) ने प्रथम, ज्योति प्रजापति (एमए द्वितीय सेमेस्टर) ने द्वितीय तथा सौम्या सैनी (बीए चतुर्थ सेमेस्टर) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सुमेरा (एमए द्वितीय सेमेस्टर) को प्रेरक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। निर्णायक मंडल में प्रो. इंदु सिंह राजपूत एवं डॉ. प्रीति पांडे शामिल रहीं। कार्यक्रम का संचालन अर्थशास्त्र विभाग की प्रभारी डॉ. सीमा मलिक ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की अनेक शिक्षिकाएं एवं प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।
