कानपुर देहात में 17 से 24 नवंबर तक होगा भव्य धार्मिक आयोजन, साध्वी निरंजन ज्योति करेंगी श्रीमद्भागवत कथा

लव इंडिया मुरादाबाद। धर्म, अध्यात्म और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार को समर्पित एक भव्य धार्मिक आयोजन उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात स्थित अखंड परमधाम आश्रम, मुक्तानगर में आयोजित किया जा रहा है। 17 नवंबर से 24 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस आयोजन में भक्ति योग वेदांत संत सम्मेलन, श्रीमद्भागवत कथा, शतचंडी महायज्ञ एवं सामूहिक विवाह सम्मेलन सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम होंगे।

इस आयोजन की अध्यक्षता श्रद्धेय पटमानंद गिरि जी महाराज करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन पूज्य 1008 स्वामी अच्युतानंद शास्त्री जी महाराज की 34वीं निर्वाण तिथि के पावन अवसर पर किया जा रहा है। कथा व्यास महामंडलेश्वर साध्वी निरंजन ज्योति रहेंगी, जिनके श्रीमुख से श्रद्धालु श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करेंगे।

संत सम्मेलन और धार्मिक अनुष्ठानों का होगा संगम

आयोजन में भक्ति, योग और वेदांत से जुड़े विषयों पर संत सम्मेलन होगा। इसके साथ ही शतचंडी महायज्ञ और सामूहिक विवाह सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों की ओर से श्रद्धालुओं को इस आध्यात्मिक आयोजन में शामिल होकर धर्म, भक्ति और सनातन संस्कृति के इस उत्सव का सहभागी बनने के लिए आमंत्रित किया गया है।

डॉ. यशवीर सिंह ने दी जानकारी, श्रद्धालुओं से की अपील

इस धार्मिक आयोजन की जानकारी भारतीय जनता पार्टी के मुरादाबाद जनपद के जिला उपाध्यक्ष एवं जिज्ञासा हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. यशवीर सिंह ने दी। उन्होंने श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में पहुंचकर संतों के सानिध्य में आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने और धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता करने की अपील की। कार्यक्रम स्थल अखंड परमधाम आश्रम, मुक्तानगर, कानपुर देहात निर्धारित है।

error: Content is protected !!