मुरादाबाद नगर निगम कार्यकारिणी का गठन, छह सदस्य निर्वाचित
-महापौर ने विकास के लिए मिलकर काम करने का किया आह्वान

लव इंडिया, मुरादाबाद। नगर निगम मुरादाबाद की कार्यकारिणी समिति के चुनाव गुरुवार को निगम सभागार में संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया के बाद छह पार्षदों को कार्यकारिणी समिति का सदस्य घोषित किया गया। इसके साथ ही नगर निगम की कार्यकारिणी का गठन पूरा हो गया।
निर्वाचित सदस्यों में वार्ड-7 के पंकज शर्मा, वार्ड-15 की राखी, वार्ड-17 की कमला वर्मा, वार्ड-50 के शकील अहमद, वार्ड-67 के मोहित गौड़ तथा वार्ड-68 के नदीम अंसारी शामिल हैं।

कार्यकारिणी सदस्यों की घोषणा के बाद महापौर विनोद अग्रवाल ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि नगर निगम की कार्यकारिणी शहर के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी सदस्यों से राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर जनहित और शहर के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार, नगर निगम के उपाध्यक्ष पार्षद शैलेन्द्र तथा बड़ी संख्या में पार्षद और नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।
नगर निगम की कार्यकारिणी अब शहर के विकास कार्यों, बजट, निर्माण योजनाओं और अन्य प्रशासनिक प्रस्तावों पर महत्वपूर्ण निर्णय लेने में अपनी भूमिका निभाएगी।
