वाल्मीकि युवती की बरामदगी को लेकर SSP कार्यालय में प्रदर्शन, पांच दिन का अल्टीमेटम; कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी


लव इंडिया, मुरादाबाद। वाल्मीकि समाज की एक युवती के कथित अपहरण के मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी और युवती की बरामदगी की मांग को लेकर भारतीय वाल्मीकि धर्मसभा (भारत) ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) मुरादाबाद को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि पांच दिनों के भीतर युवती को सकुशल बरामद कर आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।


संगठन की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि 14 जून 2026 को मझोला थाना क्षेत्र की रहने वाली वाल्मीकि समाज की युवती आरती का कथित रूप से अपहरण कर लिया गया था। मामले की सूचना पुलिस को दिए जाने के बाद एफआईआर दर्ज होने का दावा किया गया है, लेकिन संगठन का आरोप है कि अब तक न तो युवती की बरामदगी हो सकी है और न ही नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी हुई है।


ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि युवती के परिजन लगातार थाने के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें संतोषजनक कार्रवाई का भरोसा नहीं मिल रहा। संगठन ने इसे कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए पुलिस प्रशासन से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।


भारतीय वाल्मीकि धर्मसभा के पदाधिकारियों ने ज्ञापन में कहा कि यदि पांच दिनों के भीतर युवती को सकुशल बरामद कर आरोपितों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन जिला स्तर पर उग्र आंदोलन करेगा। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि प्रस्तावित आंदोलन की जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। संगठन ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

error: Content is protected !!