मुरादाबाद में आजम खान का 78वां जन्मदिन मनाया, जौहर यूनिवर्सिटी की रक्षा का लिया संकल्प
लव इंडिया, मुरादाबाद। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान का 78वां जन्मदिन मुरादाबाद में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर महानगर के सिविल लाइन स्थित सपा सांसद रुचि वीरा के आवास पर केक काटकर आजम खान की दीर्घायु की कामना की गई। उनकी जन्मतिथि 14 अगस्त 1948 दर्ज है।

कार्यक्रम के दौरान आजम खान की जल्द रिहाई के लिए दुआ भी की गई। सपा सांसद रुचि वीरा ने कहा कि आजम खान समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे हैं और उन्होंने मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी का निर्माण कर शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किया है।

रुचि वीरा ने कहा कि आजम खान के 78वें जन्मदिन पर कार्यकर्ताओं को जौहर यूनिवर्सिटी की रक्षा के लिए एकजुट रहने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खान और उनके परिवार का राजनीतिक कारणों से उत्पीड़न किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि “आजम खान एक शख्स नहीं, बल्कि एक शख्सियत का नाम हैं।” उन्होंने जौहर यूनिवर्सिटी को उनकी महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इसकी हिफाजत करना सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी जिंदाबाद, मुलायम सिंह यादव अमर रहें, अखिलेश यादव जिंदाबाद और आजम खान जिंदाबाद के नारे लगाए।

इस अवसर पर सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष शाने अली शानू, खुशनुद खान, हारुन पाशा, विजय वीर यादव, राजकुमार प्रजापति, संजीव चौधरी, खयाल मुरादाबादी, मशकूर मंसूरी, विनोद कुमार विकल एडवोकेट, विनय कुमार विकल एडवोकेट, मोहम्मद फहीम एडवोकेट, आदित्य चौधरी, अंकुर राणा, चौधरी इस्माइल खान, अब्दुल वदूद खान, मोहम्मद नूह उर्फ शेरु, बाबू मंसूरी, मोहम्मद अजीज कमर, परवेज अरशद खान, सलामत जान, शारिक कुरैशी एवं तौकीर मेंबर सहित बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
