राष्ट्रीय लोक दल के रुहेलखंड क्षेत्र के अभिनय चौधरी बने क्षेत्रीय अध्यक्ष
उमेश लव, मुरादाबाद। हाल ही में भारतीय जनता पार्टी छोड़कर राष्ट्रीय लोक दल में शामिल हुए वरिष्ठ नेता अभिनय चौधरी को पार्टी ने क्षेत्रीय अध्यक्ष का दायित्व सौंपा है।
मुरादाबाद जनपद के पाकबड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव गुरैठा निवासी अभिनय चौधरी भारतीय जनता पार्टी में जिला उपाध्यक्ष थे और उन्होंने पूरे कोरोना काल में गरीब, कमजोर और असहाय वर्ग के लोगों की खूब सेवा की। इतना ही नहीं, घर लौटते हुए मजदूरों को सभी उन्होंने खाना और कपड़े भी दिए थे। इसके अलावा उन्होंने कांठ विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के हित में गांव गांव बैठकें की और मोदी-योगी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाया। साथ ही, उन्होंने ऐसे सरकारी अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ भी अभियान चला रखा था जो काम के बदले सुविधा शुल्क लेते थे। इसी के चलते पूरे विधानसभा क्षेत्र में उनकी एक अलग छाप थी और ऐसे कर्मचारी डरते थे जो भ्रष्ट थे।
इसके चलते वह कांठ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा से टिकट के प्रबल दावेदार थे। इसी के तहत कुछ भाजपाई अभिनय से इर्ष्या रखने लगे थे। कुछ दिनों पहले उन्होंने शहीदों के सम्मान में गांव में कार्यक्रम का आयोजन किया था तो उनके विरोधियों ने इसे विफल करने की कोशिश की और मुरादाबाद महापौर को छोड़कर कोई भी वरिष्ठ भाजपाई इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हुआ। इससे क्षुब्ध अभिनय चौधरी ने भाजपा से त्यागपत्र दे दिया था और राष्ट्रीय लोक दल का दामन थाम लिया था।
इसके बाद 23 जनवरी को राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मसूद अहमद ने अभिनय चौधरी को रुहेलखंड क्षेत्र का पार्टी का क्षेत्रीय अध्यक्ष मनोनीत किया। इससे पार्टी पदाधिकारियों में हर्ष की लहर है और उन्हें बधाईयां देने वालों का ताता लगा हुआ है।