शिवाजी के सपनों का भारत बनाना है: अनंत अग्रवाल

Uttar Pradesh

संजीव गुप्ता, संभल। हिंदू जागृति मंच ने छत्रपति शिवाजी की जयंती पर विचार गोष्ठी आयोजित करके कविता पाठ के माध्यम से तथा प्रेरक विचार रखकर शिवाजी के सपनों का भारत बनाने का संकल्प लिया।

कोट पूर्वी के पंजाबी मंदिर में आयोजित विचार गोष्ठी में छत्रपति शिवाजी महाराज के चित्र के समक्ष मुख्य अतिथि अनंत कुमार अग्रवाल तथा विकास कुमार वर्मा ने दीप प्रज्वलित किया। सुबोध कुमार गुप्ता एवं सुभाष चंद्र मोंगिया ने माल्यार्पण किया। विचार गोष्ठी का प्रारंभ विष्णु कुमार ने राष्ट्र भक्ति गीत के द्वारा किया तो वहीं सुभाष चंद्र शर्मा, अतुल कुमार शर्मा, मनमोहन गुप्ता तथा ज्ञान प्रकाश उपाध्याय ने स्वरचित कविता पाठ के माध्यम से देश भक्ति की अलख जगाई। मंडल महामंत्री अजय गुप्ता सर्राफ ने छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन परिचय पर विस्तार से प्रकाश डाला और उनके कार्य, उपलब्धि, व्यवहार से शिक्षा लेकर उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए अनंत कुमार अग्रवाल ने कहा कि छत्रपति शिवाजी कुशल शासक, महान रणनीतिकार, गोरिल्ला युद्ध के जनक तथा येन केन प्रकारेण राष्ट्रधर्म की पोषक रहे। उन्होंने भारतीय संस्कृति के मान बिंदुओं का सम्मान करते हुए देश और धर्म के गद्दारों को सबक सिखाया। छत्रपति शिवाजी महाराज लगभग 500 वर्ष पूर्व ऐसे हिंदू राजा बने जिनके राजतिलक के दिवस को आज भी हिंदू साम्राज्य दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने उपस्थित जन समुदाय को संकल्प दिलाया कि हम सब छत्रपति शिवाजी के सपनों का भारत बनाएंगे। हिंदू एकता, भारत एकता का पाठ पढ़ेंगे और पढ़ाएंगे। उन्होंने विदेशी आक्रांताओं या देश के गद्दारों का इतिहास पढ़ाने पर रोष व्यक्त करते हुए कहा कि हमें अपने देशभक्तों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और धर्म पर मरने मिटने वालों का इतिहास जानना बहुत जरूरी है। जिससे हम सबक लेकर आधुनिक भारत का निर्माण करेंगे।

इस अवसर पर हिंदू जागृति युवा मंच के जिला संयोजक वैभव गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष नितिन चौधरी,पंकज सांख्यधर, वैभव अग्रवाल, अभिषेक गुप्ता, सुमन कुमार वर्मा, रमेश छाबड़ा, प्रेम कुमार, रमेश प्रकाश भारद्वाज, गुलशन मदान आदि ने भी विचार व्यक्त किए गोष्ठी की अध्यक्षता हिंदू जागृति मंच के जिलाध्यक्ष अरुण कुमार अग्रवाल ने की तथा संचालन नगर महामंत्री श्याम शरण शर्मा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *