भाजपा जिंदाबाद और नरेंद्र मोदी जिंदाबाद के बीच बोले भूपेंद्र चौधरी- राममंदिर का निर्माण देश के लिए गर्व
मुरादाबाद। भाजपा की केंद्र सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा की रामलीला मैदान में हुई रैली में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में जनता बेहद खुश है। मोदी जी ने जो भी वादे किए थे वो सब पूरे किए हैं।
उन्होंने देश में बीते नौ वर्ष की उपलब्धियों का जिक्र किया तो विपक्षी दलों पर भी निशाना साथा। उनके निशाने पर खासतौर से सपा रही। इस दौरान रैली स्थल पर भाजपा जिंदाबाद और नरेंद्र मोदी जिंदाबाद के नारे गूंजते रहे।
राममंदिर का निर्माण देश के लिए गर्व
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि देश के नागरिकों के लिए सौभाग्य की बात है कि हमें नरेंद्र मोदी जैसा प्रधानमंत्री मिला है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए यह सौभाग्य की बात है कि जो वादे पीएम नरेंद्र मोदी ने किये थे वो सब पूरे किये हैं। देश के लिए एक और सौभाग्य की बात यह है कि यह पीढ़ी श्री राम का भव्य मंदिर बनते देख रही है।
उन्होंने कहा कि जनवरी में श्रीराम मंदिर में रामलला की स्थापना हो होगी जो देश के 140 करोड़ लोगों के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल भाजपा को हराने का सपा देख रहे हैं। हालांकि सपा ने पिछले विधानसभा चुनाव में भी चार सौ से अधिक सीटें जीतने का सपना देखा था। मोदी को हराने के लिए गठबंधन तैयार हो रहा है, मगर कहीं दिखाई नहीं दे रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोकसभा चुनाव की तैयारी तेज कर दी है और प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। उन्होंने फिर भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया।
इस मौके पर महापौर विनोद अग्रवाल, नगर विधायक रितेश गुप्ता, एमएलसी सत्यपाल सैनी, जयपाल सिंह व्यस्त समेत कार्यकारिणी पदधिकारी और पार्षदगण मौजूद रहे।