मिलीभगत से भोजपुर के अक्का शाहपुर में अवैध गर्भपात सेंटर
उमेश लव, लव इंडिया, मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव मनकुआं की तर्ज पर गनीपुर रोड पर अक्का शाहपुर में भी भ्रूण हत्या हो रही हैं। क्योंकि इस गर्भपात सेंटर को भी छोटे साहब अर्थात एसीएमओ का संरक्षण प्राप्त है इसीलिए अक्का शाहपुर, गनी नगर रोड में खुलेआम अवैध गर्भपात सेंटर संचालित है।
मालूम हो कि भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव मनकुआं में झोलाछाप महिला डाॅक्टर शाहिस्ता अवैध रुप से संचालित क्लीनिक में नार्मल डिलीवरी और भ्रूण हत्याएं खुलेआम कर रही है। ऐसा नही है कि इस क्लीनिक की जानकारी स्वास्थ्य विभाग के आलाधिकारी को नही है लेकिन कृपा के चलते साहब ने आंखें मूंदी हुई हैं। यही कारण है कि आप ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध जच्चा-बच्चा केंद्र धड़ल्ले से संचालित हो रहे हैं और इनमें भोजपुर थाना क्षेत्र में गनी नगर रोड पर गांव अक्का शाहपुर अकबरी जच्चा बच्चा केंद्र चर्चित है।
सूत्रों की माने तो अकबरी जच्चा बच्चा केंद्र स्वास्थ्य विभाग के संरक्षण में पूरी तरह संचालित है और यहां नॉर्मल डिलीवरी की आड़ में भ्रूण हत्याएं किए जाने का काला धंधा भी खुलेआम चल रहा है और वह भी कोई डिग्री धारी डॉक्टर नहीं कर रहा बल्कि अनट्रेंड महिला या फिर यूं कह लें कि महिला झोलाछाप डॉक्टर भ्रूण हत्या कर रही है तो गलत नहीं होगा। इस झोलाछाप महिला डॉक्टर का नाम परवीन बताया गया है। ऐसे में शासन- प्रशासन को अकबरी जच्चा बच्चा केंद्र के खिलाफ ठोस कार्यवाही करनी होगी क्योंकि नॉर्मल डिलीवरी की आड़ में भ्रूण हत्या करना गंभीर अपराध है। ऐसे में जिला अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह को इस मामले में स्वास्थ विभाग से अलग जांच करानी होगी तभी यह मामला पकड़ में आएगा।