बीएसएफ को मिली बड़ी सफलता: पंजाब में पाकिस्तानी ड्रोन मार गिराया, इलाके में जावानों ने चलाया सर्च अभियान
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया है। बीएसएफ जवानों ने गुरुवार-शुक्रवार की रात भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित गांव धनोए के पास ड्रोन आते देखा। मुस्तैद जवानों ने फायरिंग कर उसे मार गिराया। ड्रोन चीन निर्मित है। इसके तुरंत बाद पूरे इलाके को घेर लिया गया। बीएसएफ, पुलिस व अन्य खुफिया एजेंसियां ने पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाया और सुबह करीब 6:15 बजे जवानों ने चीन निर्मित एक ड्रोन बरामद किया।
बीएसएफ ने कहा कि आज लगभग रात 1:15 बजे सीमा पर तैनात बीएसएफ जवानों ने एक संदिग्ध उड़ने वाली वस्तु/ड्रोन के पाकिस्तान से भारतीय क्षेत्र में आने की आवाज सुनी। मामला अमृतसर सेक्टर के गांव धनोए कलां की है। सैनिकों ने फायरिंग कर वस्तु को रोकने की कोशिश की और उसे मार गिराया।
तरनतारन में भी दिखा पाकिस्तानी ड्रोन
उधर, तरनतारन की बीओपी बाबा पीर (भिखीविंड) में शुक्रवार सुबह पाकिस्तान ड्रोन की गतिविधि देखी गई। इसके बाद सीमा सुरक्षा बल की 71 बटालियन ने चार राउंड फायरिंग की। फायरिंग के बाद ड्रोन पाकिस्तान क्षेत्र में वापस चला गया। इसके बाद सीमा सुरक्षा बल और पंजाब पुलिस ने संयुक्त रूप से क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया। वाकया सुबह पांच से नौ बजे का बताया जा रहा है। इस बात की पुष्टि सीमा सुरक्षा बल के एक प्रवक्ता ने की है।