उद्योग मंत्री लखमा ने किया कुलगांव के गांधी ग्राम व गौठान का अवलोकन

India

उत्तर बस्तर कांकेर :  विकासखण्ड कांकेर ग्राम कुलगांव में गांधी ग्राम की स्थापना की जा रही है, जो अब मूर्त रूप लेने लगा है। यहॉ पर लघु वनोपज आधारित विभिन्न गतिविधियों का आवासीय प्रशिक्षण दिया जायेगा। महिला स्व-सहायता समूहों को यहां पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराये जा रहे हैं। उद्योग मंत्री  कवासी लखमा,  बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष  लखेश्वर बघेल एवं उपाध्यक्ष  संतराम नेताम तथा विक्रमशाह मण्डावी, संसदीय सचिव शिशुपाल शोरी, विधायक अनूप नाग, जिला पंचायत कांकेर के अध्यक्ष  हेमन्त ध्रुव एवं बीजापुर जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुड़ियम, बस्तर विकास प्राधिकरण के सदस्य बिरेश ठाकुर एवं नीना रावतिया उद््दे और बस्तर कमिश्नर  श्याम धावड़े, कांकेर कलेक्टर चन्दन कुमार, अपर कलेक्टर कांकेर एसपी वैद्य, जिला पंचायत कांकेर के मुख्य कार्यपाल अधिकारी सुमित अग्रवाल ने आज गांधीग्राम कुलगांव में संचालित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया।  

               उद्योग मंत्री  कवासी लखमा ने गांधी ग्राम कुलगांव में संचालित हाथकरधा बुनाई प्रशिक्षण केन्द्र का अवलोकन किया तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहें महिलाओं को प्रोत्साहित किया एवं चरखा चलाकर भी देखा। उल्लेखनीय है कि हाथ करधा बुनाई प्रशिक्षण केन्द्र में 30 महिलाओं को 04 महिला मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उद्योग मंत्री लखमा ने निरीक्षण के दौरान दाल मिल में उड़द का दाल बनाने के कार्य में भी हाथ अजमाया। बस्तर क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष  लखेश्वर बघेल सहित जनप्रतिनिधियो एवं अधिकारियों द्वारा तालाब में मछली पालन कार्य, मछली आहार निर्माण इकाई, प्रशिक्षण केन्द्र सह बकरी पालन इकाई, मशरूम उत्पादन ईकाई, केज सिस्टम द्वारा लेयर फार्मिंग, स्पॉन उत्पादन इकाई एवं वर्मीटांका, पौध रोपण हेतु नर्सरी तैयारी करने का कार्य इत्यादि का अवलोकन किया गया तथा गांधी ग्राम कुलागांव में किये गये कार्यों की तारीफ की गई।

                    उल्लेखनीय है कि गांधीग्राम कुलगांव में इंटरलॉकिंग, सीसी रोड, डारमेंट्री, रेसीडेंसियल रूम, किचन हॉल, महिला स्व-सहायता समूह के कार्यशाला के लिए शेड का निर्माण, चबूतरा निर्माण, प्रशिक्षण कक्ष का निर्माण किया गया है। यहां पर भूमिगत सिंचाई पाईपलाईन बिछाई गई है, अलंकृत उद्यान तैयार किया जा  रहा है। गांधी ग्राम में मछली आहार निर्माण इकाई स्थापित की गई है, जिसका संचालन महिला स्व-सहायता समूह के सदस्यों द्वारा किया जा रहा है। तालाब में मछली पालन भी किया जा रहा है, जिसमें प्रमुख रूप से कतला, रोहू, मृगल इत्यादि मछली के बीज डाले गये हैं। इसी प्रकार बकरी पालन इकाई, मुर्गी पालन एवं दाल मिल तथा मिनी राईस मिल इत्यादि स्थापित किया गया है, जिसका संचालन महिला स्व-सहायता समूह के सदस्यों द्वारा किया जा रहा है। गौठान में गोबर से वर्मी कम्पोस्ट भी बनाये जा रहे है। उद्योग मंत्री कवासी लखमा एवं बस्तर क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष लखेश्वर बघेल ने इस अवसर पर महिला स्व-सहायता समूह के सदस्यों से बातचीत कर उत्साहवर्धन करते हुए अच्छा कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *