बालासाहेब ठाकरे की पुण्यतिथि पर मुरादाबाद में शिवसेना ने किए श्रद्धांजलि कार्यक्रम, हिंदुत्व की रक्षा का लिया संकल्प

मुरादाबाद। हिंदू हृदय सम्राट और शिवसेना संस्थापक बालासाहेब ठाकरे की पुण्यतिथि पर शिवसेना मुरादाबाद की ओर से जिले की विभिन्न तहसीलों और महानगर के अलग-अलग क्षेत्रों में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान शिवसैनिकों ने बालासाहेब ठाकरे के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके विचारों को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा के नेतृत्व में बिलारी तहसील स्थित शिवसेना कार्यालय पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम हुआ। यहां बालासाहेब ठाकरे के चित्र पर भगवा तिलक लगाकर और पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके विचारों पर चलने का संकल्प लिया।

इसी क्रम में महानगर के पीतल नगरी क्षेत्र स्थित कश्यप धर्मशाला में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां बड़ी संख्या में शिवसैनिक भगवा ध्वज लेकर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने बालासाहेब ठाकरे के चित्र पर माल्यार्पण किया, तिलक लगाया और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा ने शिवसैनिकों को संबोधित करते हुए कहा कि बालासाहेब ठाकरे के विचार और हिंदुत्व के प्रति उनकी प्रतिबद्धता शिवसैनिकों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलाया कि वे घर-घर तक भगवा ध्वज पहुंचाएंगे, हिंदुत्व की रक्षा के लिए कार्य करेंगे और हिंदू साम्राज्य की स्थापना के विचार को आगे बढ़ाने के लिए अपना जीवन समर्पित करेंगे।

कार्यक्रम में वीरेंद्र अरोड़ा, कमल सिंह राव, मुदित उपाध्याय, शिबू पांडे, राजीव राठौर, जितेंद्र पासी, जीतू प्रजापति, अरुण ठाकुर, तेजपाल सैनी, प्रमोद राजपाल, विशाल सैनी, विक्की कश्यप, विनोद सैनी, उमेश ठाकुर, सुरेश सैनी और आकाश सिंह सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक मौजूद रहे।

error: Content is protected !!