ड्यूटी पर जा रहे वन विभाग के सफाईकर्मी पर तेंदुए का हमला, ग्रामीणों ने बचाई जान
लव इंडिया, रामपुर। स्वार कोतवाली क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में तेंदुए के हमले से दहशत फैल गई। ड्यूटी पर जा रहे एक सफाईकर्मी पर मक्के के खेत में छिपे तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सफाईकर्मी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि वन विभाग और पुलिस की टीम तेंदुए की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार लच्छीवाला गांव निवासी आकाश, पुत्र रमेश, मिर्जापुर गांव में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत है। वह रोजाना की तरह सुबह अपने कार्यस्थल की ओर जा रहा था। इसी दौरान मिर्जापुर के पास स्थित एक आम के बाग के निकट मक्के के खेत में छिपे तेंदुए ने उस पर अचानक हमला बोल दिया।
तेंदुए के हमले से आकाश गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने लाठी-डंडे लेकर शोर मचाया तो तेंदुआ खेतों की ओर भाग गया। ग्रामीणों की तत्परता के चलते सफाईकर्मी की जान बच सकी।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
सूचना पर स्वार पुलिस और वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए मक्के के खेतों के आसपास जाल बिछाया है। साथ ही पिंजरे में बकरी बांधकर तेंदुए को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से इलाके में तेंदुए की मौजूदगी की चर्चा थी। अब हमले के बाद लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।
