बिजनौर की महिला सिपाही की हत्या में तहसीलदार और उसकी पत्नी गिरफ्तार
लव इंडिया, लखनऊ। बिजनौर जिले की महिला सिपाही रुचि सिंह की हत्या के मामले में लखनऊ पुलिस ने प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज में तैनात तहसीलदार और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। रुचि सिंह यूपी पुलिस मुख्यालय लखनऊ में तनाव थी।
बिजनौर जिले की रहने वाली महिला सिपाही रुचि सिंह पुलिस मुख्यालय में तैनात थी। बाराबंकी के असंद्रा थाने से स्थानांतरित होकर पुलिस मुख्यालय में तैनात महिला सिपाही रुचि सिंह संदिग्ध हालात में लापता हो गई थी। रुचि अर्जुनगंज में किराए के मकान में रह रही थी। 13 फरवरी को रुचि की ड्यूटी थी लेकिन वह काम पर नहीं पहुंची। सिपाही के गैरहाजिर होने पर जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा था। अनुभाग अधिकारी एमपी सिंह के मुताबिक, रुचि की गुमशुदगी सुशांत गोल्फ सिटी थाने में दर्ज कराई गई थी। महिला सिपाही सात दिन से लापता थी, जिसके बाद गुरुवार को लखनऊ में पीजीआई इलाके के माती स्थित नाले में उसका शव मिला था।
इसके बाद शुरू हुई तहकीकात में आरोपी तहसीलदार और महिला सिपाही के बीच प्रेम प्रसंग की बात उजागर हुई तो पुलिस ने पूरे मामले से आला अधिकारियों को अवगत कराया और 11 तथ्य को एकत्र करना शुरू किया जिसके बाद लखनऊ पुलिस ने आरोपी तहसीलदार और उसकी पत्नी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया।
बताते हैं कि आरोपी तहसीलदार ने शुरुआती पूछताछ में बताया कि उसके और महिला सिपाही रुचि सिंह के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। सिपाही रुचि सिंह अब उस पर लगातार दवाब डाल रही थी। इससे परेशान होकर उसने सिपाही की हत्या करने की योजना बना ली। बाद में मौका मिलने पर उसने सिपाही की हत्या कर दी और शव नाले में फेंक दिया। फिलहाल, पुलिस टीम आरोपी तहसीलदार और उसकी पत्नी को लेकर लखनऊ के लिए रवाना हो गई है।