सपा शासन में जिनकी चलती थी खूब, अब कानून के शिकंजे में फंस गए नेताजी परिवार संग
उमेश लव, लव इंडिया, मुरादाबाद। कभी शासन और प्रशासन के गलियारों में जिन नेताजी की खूब चलती थी अब वह कानून के शिकंजे में गिरते नजर आ रहे हैं क्योंकि उनके खिलाफ जमीन धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ है और इसमें उनके बेटे, पत्नी और जेल में बंद सपा नेता आज़म खान के बेहद करीबी युसूफ मलिक भी नामजद हैं। इन पर ₹1.27 करोड़ लेने का आरोप है।

कुंदरकी के पूर्व समाजवादी पार्टी विधायक हाजी रिजवान, उनके बेटे हाजी जुबैर, पत्नी शमा परवीन तथा सपा नेता आजम खां के करीबी बताए जा रहे यूसुफ मलिक के खिलाफ कथित जमीन धोखाधड़ी के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मैनाठेर थाना क्षेत्र के गांव मलकपुर फतेहपुर निवासी अब्दुल मुस्तफा ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने स्कूल की जमीन और साढ़े तीन बीघा भूमि का सौदा कर उनसे करीब 1 करोड़ 27 लाख 86 हजार रुपये ले लिए, लेकिन न तो जमीन का बैनामा कराया और न ही लैंड यूज परिवर्तन कराया। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि बाद में वही जमीन किसी अन्य महिला के नाम बेच दी गई।

शिकायत के अनुसार, लैंड यूज परिवर्तन कराने के नाम पर 10 लाख रुपये भी लिए गए और बदले में उत्तर प्रदेश शासन के नाम की एक रसीद दी गई, जो जांच में कथित तौर पर फर्जी निकली। शिकायतकर्ता का कहना है कि उनसे कहा गया कि शेष धनराशि विभिन्न खर्चों और रिश्वत में चली गई।
पीड़ित के मुताबिक, स्कूल की जमीन का सौदा 4.80 करोड़ रुपये में तय हुआ था। उन्होंने बयाने के रूप में 25 लाख रुपये ऑनलाइन दिए और बाद में ऑनलाइन व नकद भुगतान के माध्यम से कुल 1.27 करोड़ रुपये से अधिक की रकम आरोपियों को दी। इसके बावजूद न तो रजिस्ट्री हुई और न ही भूमि उपयोग परिवर्तन कराया गया।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि दिसंबर 2023 में यूसुफ मलिक से डिलारी थाना क्षेत्र के गांव बढ़ेरा स्थित साढ़े तीन बीघा जमीन का अलग सौदा 52.50 लाख रुपये में हुआ था, जिसमें 33.36 लाख रुपये लेने के बाद भी रजिस्ट्री नहीं कराई गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
