निषाद पार्टी ने दिया ज्ञापन, अवैध पैथोलॉजी लैब व अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर कार्रवाई की मांग
लव इंडिया, अमरोहा। निषाद पार्टी के प्रदेश सचिव डॉ. रामेश्वर दयाल तुरैहा के नेतृत्व में पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी अमरोहा के नाम एक ज्ञापन सौंपकर जनपद में संचालित कथित अवैध अस्पतालों, अल्ट्रासाउंड केंद्रों एवं पैथोलॉजी लैबों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि जोया, कैलसा, अमरोहा तथा आसपास के क्षेत्रों में कई ऐसे अस्पताल एवं जांच केंद्र संचालित हैं, जहां आवश्यक मानकों और योग्य चिकित्सकों की उपलब्धता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की।

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ स्थानों पर बिना पर्याप्त योग्यता वाले लोगों द्वारा मरीजों का इलाज एवं ऑपरेशन किए जाने से मरीजों की जान को खतरा बना रहता है। निषाद पार्टी ने संबंधित अधिकारियों से ऐसे संस्थानों की जांच कर अवैध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
तीन दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदर्शन की चेतावनी

ज्ञापन में कहा गया है कि यदि संबंधित मामले में तीन दिन के भीतर कार्रवाई नहीं की जाती है, तो मंडलायुक्त कार्यालय, मुरादाबाद पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। पार्टी ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में डॉ. रामेश्वर दयाल तुरैहा सहित निषाद पार्टी के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
