शिवसेना प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से की मुलाकात, रामलीला मैदान की बदहाली, सड़कों सहित विभिन्न समस्याओं पर सौंपा ज्ञापन
मुरादाबाद। शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा के नेतृत्व में शिवसेना पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी महोदय से भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा एवं गुलदस्ता भेंट कर शुभकामनाएं दीं।

मुलाकात के दौरान शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा ने रामलीला मंचन क्षेत्र, रामलीला ग्राउंड एवं दसवां घाट क्षेत्र में सड़कों की खराब स्थिति का मुद्दा उठाया। उन्होंने जिलाधिकारी को बताया कि रामलीला मंचन स्थल के आसपास सड़कें जगह-जगह खराब हैं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इस समस्या का अविलंब संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई कराने की मांग की और इस संबंध में मांगपत्र भी सौंपा।
झोलाछाप डॉक्टरों और निजी नर्सिंग होम का मुद्दा भी उठाया
प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व में झोलाछाप डॉक्टरों तथा कुछ निजी नर्सिंग होम पर लगाए गए आरोपों के संबंध में भी जिलाधिकारी को अवगत कराया। शिवसेना पदाधिकारियों ने कहा कि न्यू अपोलो हेल्थ केयर में एक भर्ती मरीज की मृत्यु के बाद पूर्व में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन देकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन उनके अनुसार अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।

शिवसेना ने जिलाधिकारी को इस संबंध में भी मांगपत्र सौंपते हुए मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की।
वीरेंद्र अरोड़ा ने कहा कि यदि संबंधित मामलों में कार्रवाई नहीं होती है तो शिवसेना द्वारा निजी नर्सिंग होम एवं झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ जन आंदोलन किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में कमल सिंह राव, अरुण ठाकुर, पंकज पाल, तेजपाल सैनी, सरदार इंद्रजीत सिंह, सुरेश सैनी, नितेश, शिबू सैनी, पारस कपूर, पवन रोहिल्ला, गौरव रस्तोगी, बादाम सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
