सपा कार्यालय में मनाया गया महारानी दुर्गावती का बलिदान दिवस, नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव समेत सपाइयों ने पुष्प अर्पित कर वीरांगना के बलिदान को किया नमन
लव इंडिया, मुरादाबाद।समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय में वीरांगना महारानी दुर्गावती का बलिदान दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महारानी दुर्गावती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके शौर्य, त्याग और बलिदान को याद किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा नेताओं ने कहा कि महारानी दुर्गावती भारतीय इतिहास की महान वीरांगनाओं में से एक थीं।

उन्होंने अपने साहस, पराक्रम और मातृभूमि की रक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान से इतिहास में अमिट स्थान बनाया। उनके जीवन से समाज को संघर्ष, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा मिलती है।इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव ने कहा कि महारानी दुर्गावती का बलिदान सदैव याद रखा जाएगा।
उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने और समाज व राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में लाखन सैनी, अतहर अंसारी, प्रेम बाबू वाल्मीकि, वेद प्रकाश सैनी, योगेंद्र यादव, सुरेंद्र शर्मा, अशोक सैनी, कयामुद्दीन सैफी, हितेश यादव, विनय यादव, संजीव चौधरी सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
